सतना/मैहर, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजमान माँ शारदा के दर्शन के लिए रविवार को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को चतुर्थी एवं पंचमी का दिन एक साथ होने तथा छुट्टी का दिन होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु माँ शारदा की ड्योढ़ी पर मत्था टेकने पहुंचे। अनुमान के मुताबिक रविवार को तकरीबन 3.5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किये। नवरात्रि मेले पर समूचे मेला परिसर व उसके आस-पास कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किये गए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस कर्मियों की पैनी नजर है। पुलिस के आला अधिकारी मेला परिसर में तैनात मातहतों से पल-पल की खबर ले रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह बीच-बीच में मेला परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
आज शारदीय नवरात्र का चौथा दिन है, लेकिन भक्त आज चतुर्थी के साथ पंचमी भी मना रहे हैं। नवरात्र का यह दिन मां कुष्मांडा को समर्पित होता है। भक्त मां के इस रूप से अपने सभी कष्टों को दूर करने का वर मांगते हैं। इसी रूप के दर्शन करने आज प्रातःकाल 3.30 बजे से ही मैहर धाम में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। त्रिकूट पर्वत विराजमान मैहर स्थित जगत जननी मां शारदा देवी का प्रातः कालीन दिव्य श्रृंगार किया गया और मां की आरती की गई।
रोपवे से पहुंच रहे प्रतिदिन आठ हजार भक्त
जगत जननी मां शारदा के दिव्य दर्शन एवं महाआरती में सम्मलित होने सुबह से ही लोग पहुंचने लगते हैं। लेकिन 1068 सीढियां चढ़ने की अपेक्षा अब लोग रोपवे से भी जल्द दर्शन कर लौट रहे हैं। रोपवे प्रबंधन के अनुसार इन दिनों सात से आठ हजार श्रद्धालु रोजाना रोपवे से मां के दर्शन करने जा रहे हैं।
भीड़ को नियंत्रित करने का फार्मूला, आरती में शामिल होने कटानी होगी 500 की रसीद
नवरात्र मेला मां शारदा देवी मंदिर दर्शन करने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार मां शारदा देवी मंदिर दर्शन करने लगभग आज सुबह से अब तक से 50 हजार की संख्या में श्रद्धालु पहुंच चुके हैं जबकि यह संख्या रात्रि तक दो लाख के करीब पहुंच जाएगी। भक्त प्रतिदिन माता के दरबार पर मत्था टेक रहे हैं जिन्हें प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के साथ मंदिर दर्शन करने सुरक्षित पहुंचाया जा रहा है।