सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ विधानसभा क्षेत्र 62 रैगांव के उप निर्वाचन 2021 में जिला स्तर पर गठित एमसीएमसी की अवलोकन समिति में अपने कर्तव्य पर उपस्थित नहीं होने पर 11 कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर समक्ष में उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश शाही ने सभी संबंधित कर्मचारियों को नोटिस में कहा है कि निर्वाचन कार्य में 29 सितंबर 2021 को आदेश जारी कर ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन इन 11 कर्मचारियों ने अपने निर्वाचन कर्तव्य पर उपस्थिति दर्ज नहीं कराई है। निर्वाचन जैसे अति महत्वपूर्ण कार्य में यह कृत्य उदासीनता, कदाचरण एवं अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। क्यों ना मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम के तहत दो वार्षिक वेतन वृद्धियां अंसचयी के प्रभाव से रोकने एवं लोक प्रतिनिधित्व नियम 1951 के तहत अनुशासनात्मक, दंडात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाए। समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं करने या समाधान कारक नहीं पाए जाने पर एक पक्षीय कार्यवाही की जाएगी।
एमसीएमसी अवलोकन समिति में जिन 11 कर्मचारियों को नोटिस जारी की गई है, उनमें महिला बाल विकास की पर्यवेक्षक श्रीमती क्षमा द्विवेदी, ललिता कुशवाहा, मिथिलेश पांडेय, तकनीकी सहायक पुष्पेंद्र पाल, प्रयोगशाला सहायक आनंद कुमार मिश्रा, मनोज सिंगरौल, रमाशंकर त्रिपाठी, जनपद पंचायत मैहर के सहायक डाटा मैनेजर संजय मिश्रा एवं भृत्य संतोष कुमार वर्मन, बिहारी लाल साहू, बृजलाल यादव, शामिल है।
खाद्यान्न सामग्री सही समय पर नहीं पहुंचाने पर ट्रांसपोर्टर और जिला प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस
कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अजय कटेसरिया ने म.प्र. सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 की कंडिका 12(3) के नियमों का उल्लंघन करने एवं राशन दुकानों में खाद्यान्न सही समय पर नही पहुंचाने पर नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक और ट्रांसपोर्टर अजय ट्रांसपोर्ट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब कार्यालय में 3 दिवस में उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के लिये कहा गया है। जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर प्रकरण में एक पक्षीय कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर ने अपने आदेश कहा है कि समीक्षा के दौरान पाया गया कि पोर्टल पर उचेहरा विकासखंड की संचालित 16 दुकानों में हितग्राहियों को अन्न उत्सव के दौरान प्रत्येक माह की 7 तारीख को अजय ट्रांसपोर्ट द्वारा समय पर राशन सामग्री नहीं पहुंचाने पर खाद्यान्न प्राप्त नही हो सका है। इनमें गढ़ौत, इचौल, कोरवारा, रमपुरवा, गुढ़ुआ, पोड़ी गरादा, बिचवा, तिघरा पाठा, महाराजपुर, सखौहा, सेमरी, अमदरी, अकहा, पतौरा, वीरपुर एवं पिपरोखर में खाद्यान्न वितरित नही हो पाया है। इसी प्रकार शासकीय उचित मूल्य दुकान गढौत, पोडी गरादा, अकहा एवं पिपरोखर का फरवरी की स्थिति में माह अक्टूबर का खाद्यान्न डिसपैच किया गया है। जबकि शेष दुकानों के आरओ 7 अक्टूबर तक जारी नही हुये हैं।