सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/प्रदेश के सभी मेडिकल कालेज, जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में सप्ताह में रविवार, सहित सातों दिन कोविड-19 टीकाकरण के सत्र आयोजित होंगे। संचालक एन.एच.एम (टीकाकरण) डॉ. संतोष शुक्ला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने कोविड 19 टीकाकरण के संबंध में पूर्व में जारी निर्देशों में संशोधन करते हुए इस आशय के नवीन निर्देश जारी कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
कोविड-19 टीकाकरण के संबंध में पूर्व में जारी निर्देशों के अनुसार मंगलवार, शुक्रवार और रविवार के दिन कोविड-19 टीकाकरण के सत्र आयोजित नहीं किये जाते थे। रविवार के दिन अवकाश, मंगलवार और शुक्रवार को माँ-बच्चों के नियमित टीकाकरण के सत्र आयोजित किए जाते थे। नवीन निर्देशों में मंगलवार और शुक्रवार को नियमित टीकाकरण सत्र भी होंगे और कोविड-19 टीकाकरण के सत्र भी होंगे। साथ ही कोविड-19 टीकाकरण के सत्र रविवार के दिन भी होंगे।
रीवा संभाग में एक सितम्बर को शाम 6 बजे तक लगे 43854 कोरोना टीके
रीवा संभाग के सभी जिलों में कोरोना टीकाकरण लगातार किया जा रहा है। संभाग के सभी जिलों में एक सितम्बर को शाम 6 बजे तक 43 हजार 854 व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन के टीके लगाये गये। इस दिन रीवा जिले में 18 हजार 604, सतना जिले में 12 हजार 897, सीधी में 6 हजार 76 तथा सिंगरौली जिले में 6 हजार 817 व्यक्तियों को टीके लगाये गये। लगभग सभी केन्द्रों में शाम 5 बजे के बाद भी टीकाकरण जारी रहा।
जिले में अब तक 641.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष 1 जून से 1 सितम्बर 2021 तक 641.5 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 919.4 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 994.3 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 528.3 मि.मी., बिरसिंहपुर में 720.5 मि.मी., रामपुर बघेलान में 524 मि.मी., नागौद में 799 मि.मी., जसो (नागौद) में 415.2 मि.मी., उचेहरा में 561 मि.मी, मैहर में 365.4 मि.मी., अमरपाटन में 476 मि.मी. तथा रामनगर तहसील में 754.2 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1039.7 मि.मी. है। गत वर्ष इस अवधि तक जिले में 683.2 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।
टोल फ्री नंबर 1962 के माध्यम से पशुओं के उपचार की योजना
जिले में टोल फ्री नम्बर 1962 पशुधन संजीवनी योजनांतर्गत आकस्मिक एवं घर पहुंच सेवा के माध्यम से पशुपालकों को पशु चिकित्सा सुविधायें जैसे- पशु उपचार, टीकाकरण, बधियाकरण, कृत्रिम गर्भाधान आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। शासन का उद्देश्य है कि पशुपालकों को अब ये सुविधायें घर पर ही प्राप्त हों, जिसके लिए शासन ने 150 रूपए प्रति पशु सेवा शुल्क निर्धारित किया है। इस योजना का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिये टोल फ्री नम्बर 1962 में कॉल कर सकते हैं।
पशु चिकित्सालय, पशु औषधालय खुलने का समय प्रातः 9 बजे शाम 4 बजे तक है, इस अवधि में पशुपालक अपने पशु उपचार के लिए संबंधित संस्था में ला सकता है। यदि औषधालय लाना संभव नहीं है तो विभाग द्वारा संचालित कॉल सेंटर नंबर 1962 पर फोन कर अपने पशुओं का उपचार अपने घर पर करवा सकते हैं। उपचार के लिए विभाग द्वारा निर्धारित शुल्क 150 रूपए है।
Bhaskar Hindi News