Friday , July 5 2024
Breaking News

Satna: मानसून की पहली बारिश ने धोये इंतजामात, जगह-जगह भरा पानी, निचली कालोनियों में परेशान हुए लोग

शुक्रवार को आधा इंच बारिश, जिले में अब तक छह इंच वर्षा दर्ज 
शहर की निचली बस्तियों में भरा पानी, लोग बेहाल

 

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना नगर निगम की पोल बीते दो दिनों से जारी मानसून की पहली बारिश ने खोलकर रख दी है। लगातार रुक-रुककर बारिश से जहां गली मोहल्लों में लबालब पानी भर गया वहीं सड़कें और प्रमुख स्थान भी तालाब नजर आए। शुक्रवार को भी दिन भर रुक-रुक रुक कर बारिश होती रही। दिन भर में लगभग आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। इससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। इसका प्रमुख कारण नाले-नालियों की समय पर सफाई नहीं होना और पानी निकासी की उपर्युक्त व्यवस्था ना होना है। यही नहीं नगर निगम के अधिकारियों ने भी इस काम में जमकर लापरवाही बरती जिसका खामियाजा नागरिकों को उठना पड़ रहा है। शहर के पॉश इलाके हों या बस्ती क्षेत्र हर जगह जल भराव रहा और बड़ी मुश्किल से दिन भर में पानी धीरे-धीरे खिसक-खिसकर निकला।

ननि कमिश्नर का आदेश भी ठेंगे पर

ज्ञात हो कि लाकडाउन पूर्व सतना नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी संभालने वाली निगमायुक्त तन्वी हुड्डा ने कोरोना कर्फ्यू के दौरान ही गर्मी में नगर निगम के स्वास्थ्य और सफाई कार्य में लगे अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए थे कि बारिश पूर्व शहर के नाले और नालियों की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए ताकि मानसून आने के बाद समस्या पैदा ना हो लेकिन अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंगी और नाम मात्र के स्थानों पर सफाई कराकर कागजी खानापूर्ति कर ली गई जिसकी सच्चाई दो दिन की लगातार बारिश ने खोल कर रख दी है। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कचरा सड़कों पर आ गया तो कई कालोनियां तक लबालब हो गई। यह स्थिति शुक्रवार को भी रही।

यहां हुए हालात बदतर

शहर के बस स्टैंड, भरहुत नगर, आदर्श नगर, सेमरिया चौक स्थित फ्लाइओवर के नीचे, सर्किट हाउस. कलेक्ट्रेट रोड, धवारी, पन्नाा नाका, जीवन ज्योति कालोनी, सिटी कोतवाली अंडर ब्रिज, जय स्तंभ चौक आदि क्षेत्रों पानी भर गया जिसके बाद लोग नगर निगम की व्यवस्थाओं को कोसते नजर आए।

मौसम विभाग ने जताई तेज़ बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार जिले में मानसून की बारिश शुरू हो चुकी है। बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम पूर्वी मध्य प्रदेश में पहुंच गया है। अगले दो दिनों तक और तेज बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इस मानसून में अब तक जिले में 150.5 मिली मीटर लगभग 6 इंच बारिश हो चुकी है जबकि शुक्रवार सुबह से शाम तक लगभग आधा इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं बीते 24 घंटे में एक इंच बारिश सतना शहर में दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

 

About rishi pandit

Check Also

Satna: आकांक्षी विकासखण्डों में चलेगा 30 सितम्बर तक सम्पूर्णता अभियान

मझगवां विकासखण्ड में हुआ शुभारंभ सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारत सरकार नीति आयोग द्वारा 4 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *