सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी रविवार को विधानसभा क्षेत्र कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में जिले की आम जनता एवं अन्य गणमान्य नागरिक द्वारा प्रस्तुत की गई समस्याओं से रूबरू हुईं। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी द्वारा समस्याओं का निराकरण विभिन्न विभाग से आये अधिकारियों द्वारा कराया गया और जिन समस्याओं का निराकरण शासन स्तर पर किया जाना है उसके लिये प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिये गए।
मैहर जिले में सोयाबीन खरीदी के पर्यवेक्षण, मानीटरिंग एवं नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय प्रशासकीय समिति गठित
म.प्र. शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास म.प्र. भोपाल एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर सोयाबीन उपार्जन हेतु किसान पंजीयन और उपार्जन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये है। मैहर कलेक्टर रानी बाटड ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में किसानों की सोयाबीन उपार्जन हेतु पंजीयन/उपार्जन के पर्यवेक्षण, मानीटरिंग एवं नियंत्रण हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति में कलेक्टर को अध्यक्ष तथा सदस्यों के रूप में जिला लीड बैंक अधिकारी, उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास, सहायक आयुक्त सहकारी संस्थायें, एनआईसी के जिला सूचना अधिकारी,, जिला सहाकारी केन्द्रीय बैंक के क्षेत्रीय अधिकारी, मार्कफेड के जिला विपणन अधिकारी, वेयर हाउसिंग एण्ड लजिस्टिक कार्पोरेशन के जिला प्रबंधक, एमपीएससीएस के जिला प्रबंधक, कृषि उपज मंडी के सचिव के नाम शामिल है। समिति के सदस्य, सचिव के रूप में जिला आपूर्ति अधिकारी को नामांकित किया गया है।
मैहर जिले में सोयाबीन खरीदी के पंजीयन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
म.प्र. शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास म.प्र. भोपाल एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में सोयाबीन खरीदी के पंजीयन के लिए 25 सितंबर से 20 अक्टूबर 2024 तक समय निर्धारित किया गया है। मैहर कलेक्टर रानी बाटड द्वारा जारी आदेशानुसार विकासखण्ड मैहर के लिए नोडल अधिकारी के रूप में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मैहर को पंजीयन कार्य के लिए नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी विकासखण्डवार पंजीयन समिति का सतत भ्रमण करेंगे तथा पंजीयन कराने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए प्रचार-प्रसार के लिए भी कार्य कराना सुनिश्चित करेंगे।
मास्टर वालेन्टियर्स का प्रशिक्षण आज
उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग सौरभ सिंह द्वारा बताया गया कि नशामुक्त भारत अभियान अंतर्गत सतना एवं मैहर जिले में 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2024 तक मद्य निषेध सप्ताह कार्यक्रम के रूप में मनाया जायेगा। इसके लिए मास्टर वालेन्टियर्स का प्रशिक्षण कार्यालय उप संचालक, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण, द्वितीय तल कलेक्ट्रेट कार्यालय सतना में 30 सितंबर 2024 को दोपहर 3 बजे से आयोजित किया गया है।