

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के तमाम ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में बारिश का दौर मंगलवार की देर रात तक लगातार जारी रहा। लगभग पिछले 24 घंटे से हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया । शहर की सड़कों और निचले मोहल्लों में जल भराव जैसे हालात बन गए । जगह-जगह कीचड़ हो गया है। हालांकि, सतना नदी के जल स्तर में अभी ज्यादा वृद्धि नजर नहीं आई, लेकिन बारिश से दिनभर मौसम में ठंडक घुली रही। आसमान पर बादल सोमवार से ही डेरा जमाए हुए थे और बारिश का यह दौर भी पिछले लगभग 24 घंटे से जारी है। सोमवार को सिर्फ दो घंटे में ही डेढ़ इंच वर्षा दर्ज की गई थी जबकि मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। शहर के बस स्टैंड, जिला अस्पताल, अंडर ब्रिज, पुराना पावर हाउस, अंधेरी पुलिया सहित कई जगहों पर पानी भर गया। मौसम विभाग द्वारा बुधवार को भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई हे।
सड़कों में भरा पानी
कल से चल रही बारिश के कारण शहर की तमाम सड़कें जलमग्न हो गई हैं। नालियों का पानी सड़क पर आ गया है। निचले मोहल्लों में भी जल भराव ने मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। सीवर लाइन प्रोजेक्ट के नाम पर खोद कर फेंक दी गई सड़कों में गड्ढों में पानी भर गया है। वहां पड़ी मिट्टी ने जगह-जगह कीचड़ फैला दिया है।वहीं जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों शहर समेत जिले के तमाम ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में बारिश का दौर लगातार जारी है। जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों नागौद, उचेहरा, बिरसिंहपुर, कोटर, रामपुर और मझगवां क्षेत्र में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा।
अब तक कहां कितनी बारिश
जिले में इस वर्ष 1 जून से 16 सितंबर तक 685.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। जबकि गत वर्ष इस अवधि में 579.3 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई थी। एसएलआर के अनुसार सतना (रघुराजनगर) तहसील में 1043.4 मि.मी, सोहावल (रघुराजनगर) में 416.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह बरौंधा (मझगवां) में 715.3 मिमी, बिरसिंहपुर में 786 मिमी, रामपुर बाघेलान में 494 मिमी , नागौद में 933.7 मिमी जसो (नागौद) में 322.7 मिमी, एवं उचेहरा में 775.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 891.7 मि.मी. है। वहीं मैहर जिले की अमरपाटन तहसील में 840.3 मि.मी., मैहर में 853.3 मि.मी. एवं रामनगर में 1073 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।
शहर में दो दिन में हुई 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश
सतना शहर में सोमवार व मंगलवार के बीच करीब 100 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार की सुबह साढ़े 8 बजे तक करीब 44.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई थी जबकि मंगलवार को हुई रुक-रुककर तेज बारिश के चलते शाम साढ़े पांच बजे तक 53.1 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। जबकि देर रात तक बारिश का सिलसिला जारी रहा।
भारी बारिश के चलते रेड अलर्ट, स्कूलों में आज रहेगा अवकाश
भारी बारिश के चलते रेड अलर्टसतना जिले में मंगलवार को सुबह से जारी अत्यधिक वर्षा और 18 सितंबर को बारिश के रेड अलर्ट के चलते स्कूलों-आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। सभी निजी और सरकारी स्कूलों में बुधवार 18 सितंबर को 8वीं तक की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने मौसम के मिजाज और बारिश को लेकर जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर 18 सितंबर बुधवार को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय स्कूलों में एक दिवस का अवकाश घोषित किया है। इसके अनुसार, सभी शासकीय, अशासकीय, केन्द्रीय जवाहर नवोदय, सीबीएसई, आईसीएमई, आश्रम शाला एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री प्राइमरी कक्षाओं एवं नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षक एवं विद्यालयीन स्टाफ विद्यालय में उपस्थित रहकर कार्य संपादित करेंगे।
Bhaskar Hindi News