Tuesday , July 2 2024
Breaking News

Maha Shivratri: महादेव घाट में महाशिवरात्रि मेला, पहली बार ॐ की ध्वनि दो घंटे गूंजी, 51 फीट के बाबा

Mahashivratri 2021: महाशिवरात्रि पर आस्‍थावानों की कतार लगी हुई है। सुबह से ही मंदिरों में बाबा का दर्शन करने का सिलसिला शुरू है। राजधानी के प्रसिद्ध हाटकेश्वर महादेव और बूढ़ेश्वर मंदिर समेत अनेक शिव मंदिरों में सुबह भोलेनाथ का अभिषेक, पूजन, आरती के बाद भक्तों के लिए मंदिर का पट खोल दिया गया। शिवलिंग पर जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लाइन लगी है। बूढ़ेश्वर मंदिर में दोपहर तक जलाभिषेक किया जाएगा। इसके बाद श्रृंगार करने के लिए गर्भ गृह बंद कर दिया जाएगा। शाम से रात 11 बजे तक श्रृंगार दर्शन होगा। रात्रि में निशीथ काल में विविध औषधियों से रुद्राभिषेक किया जाएगा। अलग अलग प्रहर में अभिषेक का सिलसिला शुक्रवार सुबह से पांच बजे तक लगातार चलेगा।

ओम मंडली शिवशक्ति संस्थान ने घाट किनारे किया उच्चारण

महाशिवरात्रि पर हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर महादेव घाट में लगे मेले का भक्त आनंद ले रहे हैं। दर्शन करने लंबी लाइन लगी। सुबह घाट की सीढ़ियों पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के उद्देश्य से दिव्य शक्ति प्रदायक ऊँ ध्वनि का दो घंटे तक लगातार उच्चारण किया गया। एक ओर मंदिर के भीतर भक्त जलाभिषेक कर रहे थे। दूसरी ओर घाट पर ऊँ ध्वनि का एक साथ सामूहिक उच्चारण 108 बार किया गया। साथ ही शिव के महामंत्र का जाप भी किया गया। ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान अग्रोहा कॉलोनी रायपुर के तत्वावधान में हुए महानुष्ठान में अनेक भक्तों ने भाग लिया। संस्थान के ओम प्रतीक अंकित ध्वज सहित राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भी लहराया। ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान की प्रमुख शिवशक्ति संवाहक देवकी बहन ने श्रद्धालुओं को बताया कि नित्य प्रति ऊँ का उच्चारण करने से मानसिक समस्याओं से मुक्ति मिलती है। सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। संस्थान की ओर से इससे पहले कानपुर, कोल्हापुर, मुम्बई, दिल्ली, हैदराबाद, मेरठ, बांधा समेत अनेक स्थानों में अनुष्ठान कराया जा चुका है।

क्रेन से किया जाएगा शिव प्रतिमा का अभिषेक

मोती बाग के समीप श्री बैद्यनाथ धाम मंदिर में छत्तीसगढ़ की 51 फीट ऊंची शिव प्रतिमा का क्रेन के ऊपर चढ़कर विद्वत जन अभिषेक करेंगे। इसकी तैयारी चल रही है। मंदिर के सदस्य श्‍याम चावला ने बताया कि प्रतिमा की स्थापना के बाद पहली महाशिवरात्रि है। प्रतिमा के सिर पर गंगाजी की जटा से धार निकलकर चरणों तक पहुंच रही है। यहां भक्तों का आना शुरू हो गया है।

महानदी में लगी आस्‍था की डुबकी

धमतरी में महाशिवरात्रि के अवसर पर रुद्रेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। रुद्री स्थित रुद्रेश्वर धाम में भगवान शिव के दर्शन करने अल सुबह चार बजे से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी। वहीं महानदी में डुबकी लगाकर भगवान से कई कामना की। जल चढ़ाने और पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। पूजा अर्चना के बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया जा रहा है। धमतरी शहर के शिव मंदिरों में भी पूजा अर्चना करने श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। महाआरती के साथ कई कार्यक्रम शुरू हो गया है।

 

About rishi pandit

Check Also

ऑफबीट की दुनिया में स्मार्ट करियर

आज के दौर में ऐसे स्टूडेंट्स की कमी नहीं हैं, जो लीक से हटकर अपना …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *