सतना में चुनावी सभा को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ लोकसभा चुनाव को लेकर सतना पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने स्थानीय बीटीआई मैदान में जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग ऐसा है जिसे देख कर लग रहा है मानो भारत का स्वर्णिम युग चल रहा है। हमे गर्व है कि हमारी सरकार 56 इंच के सीने वाली सरकार है, सनातन संस्कृति वालों की नर्मदा मैया-गंगा मैया की जयकार बोलने वालों की सरकार है। श्री यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में देश मे गरीबों-किसानों के सपने पूरे हो रहे हैं।
किसानों-जवानों को सम्मान मिल रहा है। देश का स्वाभिमान बढ़ रहा है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दौर था जब दुश्मन हमारे जवानों के सिर काट कर ले जाते थे। फुटबॉल खेलते थे फिर भी कांग्रेस की सरकार लाचार बनकर टुकुर-टुकुर करके देखती रहती थी। लेकिन अब पाकिस्तान के बाप की भी की औकात नहीं है कि हमारे जवानों की तरफ झांक कर देख ले। सीएम श्री यादव ने सतना लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के पक्ष में समर्थन देने की बात कही, वहीं भाजपा प्रत्याशी श्री सिंह ने बुधवार को अपना नामांकन भी दाखिल किया।