Monday , June 3 2024
Breaking News

Satna: गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्रांउड में आयोजित होगा


मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी करेंगी ध्वजारोहण


सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे से स्थानीय पुलिस परेड ग्राउण्ड सतना में आयोजित किया गया है। मुख्य समारोह में प्रदेश नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह के पल-प्रतिपल निर्धारित कार्यक्रमानुसार 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे से 9ः05 तक ध्वजारोहण कर सलामी लेंगी। प्रातः 9ः05 बजे से 9ः10 बजे तक परेड का निरीक्षण, प्रातः 9ः10 बजे से 9ः30 बजे तक मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन, प्रातः 9ः30 बजे से 9ः40 तक मार्चपास्ट, प्रातः 9ः40 बजे से सांस्कृति कार्यक्रमों का आयोजन, विभिन्न विभागों द्वारा झाकियों का प्रदर्शन एवं प्रातः 10ः30 बजे से पुरुस्कार वितरण किया जायेगा।

कलेक्टर और एसपी ने पुलिस परेड ग्राउंड का किया निरीक्षण

सतना जिले का गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह पुलिस परेड ग्राउंड सतना में आयोजित होगा। समारोह आयोजन को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा आवयश्क व्यवस्थाओं की तैयारियां की जा रही हैं। गुरुवार को कलेक्टर अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने अधिकारियों के साथ समारोह स्थल पहुंचकर तैयारियां का जायजा लिया। उन्होने गणतंत्र दिवस के गरिमामयी और सुव्यवस्थित आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। कलेक्टर श्री वर्मा ने समारोह की व्यवस्था संभाल रहे अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, गणमान्य एवं आमजनों के प्रवेश-निकास द्वार, बैठक व्यवस्था एवं कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर निर्देशित किया। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने गणतंत्र दिवस समारोह की प्रारंभिक तैयारियों से लेकर अंतिम चरणों तक होने वाले सम्पूर्ण कार्यक्रमों की रूपरेखा देखी तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अपर कलेक्टर ऋषि पवार, एसडीएम सिटी नीरज खरे, एएसपी शिवेश सिंह सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें

प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने प्रदेशवासियों को 75वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें प्रेषित की हैं। राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि गणतंत्र दिवस संविधान की सर्वोच्चता का पर्व है। इस पर्व सभी नागरिकों को देश की एकता, अखंडता और अक्षुण्णता को बनाये रखते हुये विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेना चाहिये।

कलेक्टर ने जिलेवासियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें
कलेक्टर अनुराग वर्मा सतना जिले के सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि यह पर्व हमें राष्ट्र प्रेम एवं आपसी सद्भाव के साथ एकजुट होकर अपने कर्तव्यों का समर्पित भाव से निर्वहन करते हुए देश-प्रदेश के सर्वांगीण विकास में सहभागिता निभाने की प्रेरणा देता है। हमें देश के विकास और उज्जवल भविष्य के लिए सदैव जागरूक रहते हुए सक्रिय रूप से लोकतंत्र में अपनी भागीदारी निभाना चाहिए।

मैहर जिला में कलेक्टर रानी बाटड करेंगी ध्वजारोहण

नवगठित जिला मैहर में गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को हर्षोल्लास एवं समारोह पूर्वक मनाया जाएगा। मैहर जिले के गणतंत्र दिवस के प्रथम जिला स्तरीय मुख्य समारोह में कलेक्टर रानी बाटड ध्वजारोहण करेंगी। जिला स्तरीय मुख्य समारोह मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां स्टेडियम में आयोजित होगा। गणतंत्र दिवस समारोह के पल-प्रतिपल निर्धारित कार्यक्रमानुसार 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा। मुख्य अतिथि प्रातः 9 बजे से 9ः05 तक ध्वजारोहण कर सलामी लेंगी। प्रातः 9ः05 बजे से 9ः10 बजे तक परेड का निरीक्षण, प्रातः 9ः10 बजे से 9ः30 बजे तक मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन, प्रातः 9ः30 बजे से 9ः40 तक मार्चपास्ट, प्रातः 9ः40 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, विभिन्न विभागों द्वारा झाकियों का प्रदर्शन एवं प्रातः 10ः30 बजे से पुरुस्कार वितरण किया जायेगा।
भारत पर्व का कार्यक्रम सरस्वती स्कूल में
गणतंत्र दिवस की संध्या पर मैहर जिले में भारत पर्व का आयोजन मैहर के सरस्वती स्कूल में आयोजित किया जायेगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा अपनी कलाओं का प्रदर्शन सांस्कृतिक, देशभक्ति गीतों के माध्यम से किया जायेगा। आयोजन स्थल पर जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रदेश में हुए प्रगति और विकास कार्यों तथा नये कानूनों पर केन्द्रित छाया चित्र प्रदर्शनी लगाई जायेगी।

गणतंत्र दिवस पर सभी शासकीय विद्यालयों और मदरसों में विशेष भोज का आयोजन
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण अंतर्गत समस्त शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओ एवं मदरसे जिन्हे सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत सहायता दी जा रही है, के विद्यार्थियो को “विशेष भोज“ मे सब्जी-पूडी-खीर अथवा सब्जी-पूडी-हलुआ तथा इसके साथ लड्डू का वितरण किया जायेगा। सीईओ ने संबंधित प्रधानाध्यापक एवं शाला के नोडल शिक्षक को दायित्व सौंपा है कि भोजन स्वच्छ स्थान पर बनाया जावे एवं शुद्ध व गुणवत्ता पूर्ण हो। संबंधित शिक्षक एवं शाला प्रबंधन समिति अपनी निगरानी मे सामग्री का परीक्षण कर भोजन तैयार करावें तथा बच्चो को भोजन खिलाने के पहले उसको चखा जावे। यह भी सुनिश्चित किया जावे कि प्रत्येक शाला हेतु निरीक्षण रोस्टर अनुसार निर्धारित अंत्योदय कार्डधारी वृद्धजन व मातायें भी विशेष भोज मे सहभागी हो।
सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि सतना जिले के गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के अतिथि, कलेक्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोहावल तथा मैहर जिले के गणतंत्र दिवस समारोह के अतिथि एवं कलेक्टर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला पोंड़ी में विद्यालयीन छात्रों के साथ विशेष भोज में शामिल होंगे।

सतना में भारत पर्व की प्रदर्शनी टाउन हाल में
गणतंत्र दिवस की संध्या पर भारत पर्व का आयोजन टाउन हाल सेमरिया चौक सतना में किया जायेगा। जिसमें स्थानीय कलाकारों द्वारा अपनी कलाओं का प्रदर्शन सांस्कृतिक, देशभक्ति गीतों के माध्यम से किया जायेगा। आयोजन स्थल पर जनसम्पर्क विभाग के द्वारा छाया प्रदर्शनी लगाई जायेगी। प्रदर्शनी में प्रदेश में हुए प्रगति और विकास कार्यों तथा नये कानूनों को छाया चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया जायेगा।

गणतंत्र दिवस पर 16 बंदी रिहा होंगे
केन्द्रीय जेल सतना में 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आजीवन कारावास के 16 दंडित बंदी जेल मुख्यालय के आदेश एवं राज्य शासन से घोषित परिहार का लाभ प्राप्त कर सजा भुगत कर रिहा होंगे। जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने बताया कि रिहा होने वाले बंदियों में सतना जिले के 4, मैहर जिला का 1, पन्ना जिले के 4 एवं छतरपुर जिले के 7 बंदी सजा भुगत कर रिहा होंगे।

कलेक्ट्रेट परिसर में 100 फीट की ऊंचाई पर लहराया विशाल तिरंगा

कलेक्ट्रेट परिसर सतना स्थित पार्क में गुरुवार को प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी द्वारा विशाल तिरंगा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अनावरण किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हमारे देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। हम सबकों अपने देश के राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना चाहिये। सांसद गणेश सिंह ने कहा कि तिरंगे को देखकर स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति आदर एवं राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है। राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा देश भक्ति का जज्बे के साथ ही देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। गणतंत्र दिवस से पूर्व सतना के आकाश में लहराता हुआ तिरंगा देखन सभी सतनावासियों के लिए गौरव का पल है। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, अपर कलेक्टर ऋषि पवार, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत सहित कलेक्ट्रेट के विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यालयीन छात्र-छात्रायें एवं आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह ने किया।
राज्यमंत्री श्रीमती बागरी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में 100 फीट की ऊंचाई वाला 10ग्6 मीटर आकार के तिरंगे को फहराया गया है। झंडा टावर के अंदर विशेष मोटर स्थापित किया गया है, जिस पर लगे रस्से से ही तिरंगा झंडा ऊंचा रहने के साथ हवा में लहराएगा। यह पूर्ण रूप से विद्युतीकरण पर आधारित है। जिससे बटन दबाकर नीचे उतारने के साथ फहराया जा सकेगा। ध्वजारोहण उपरांत राष्ट्रगान का गायन भी हुआ।

About rishi pandit

Check Also

Satna: चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के साथ 4 जून को होगी मतगणना

गणना एजेन्टो को प्रातः 7 बजे और कर्मचारियो को 6 बजे तक प्रवेश कर लेने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *