
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मैहर जिले में विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजन का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा मैहर जिला अंतर्गत मैहर विकासखंड में पिपराबरबंड, पटेहरा, बराखुर्द, जोबा, अमरपाटन विकासखंड में डिठौरा, ककलपुर तथा रामनगर विकासखंड में जट्ठहाटोला, झिन्ना पहुंची। विकसित भारत संकल्प यात्रा के पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों द्वारा आईईसी वैन (प्रचार रथ) का स्वागत किया गया। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के हितलाभ भी वितरित किए गए। शिविरों में आईईसी वैन द्वारा एलईडी के माध्यम से शासन की विभिन्न संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई।
रामनगर विकासखंड में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिला पंचायत रामखेलावन कोल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण की योजनायें संचालित हो रही है। इन देशव्यापी योजनाओं को लाभ जन-जन तक पहुंचाने विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। योजना के लाभ से वंचित हितग्राही इस अवसर का लाभ उठायें। इसी प्रकार अमरपाटन विकासखंड अंतर्गत आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुष्मिता सिंह ने उपस्थित जनों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होने कहा कि सरकार की मंशा है कि शासन की योजनाओं का लाभ आम जनता तथा पात्र हितग्राहियों को मिले, उन्हें लाभ पाने के लिए भटकना नही पड़े। इसी उद्देश्य से हर ग्राम पंचायत और नगरीय निकाय के वार्डों में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। आप सभी लोग आगें आएं तथा योजनाओं का लाभ उठाएं। इस मौके पर जनपद अध्यक्ष माया पांडेय, जनपद सदस्य रमेश पांडेय, सरपंच सीमा सिंह, सत्यनारायण पांडेय, रामानंद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। इसके उपरांत शिविरों में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
विकसित भारत संकल्प यात्रा का आज का भ्रमण कार्यक्रम
सतना जिले में 9 जनवरी को विकसित भारत संकल्प यात्रा विभिन्न विकासखंडों के ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। जिनमें नागौद विकासखंड अंतर्गत रेरुआकला, रेरुआखुर्द, सोहावल विकासखंड अंतर्गत कुड़िया, पोंड़ी, रामपुर चौरासी, मझगवां विकासखंड अंतर्गत किटहा, अमिलिया, उचेहरा विकासखंड अंतर्गत कुन्दहरीकला, देवार तथा रामपुर बघेलान विकासखंड अंतर्गत ग्राम इटौर, चोरमारी, सगौनी और तुर्की के वार्ड शामिल हैं।
मैहर जिले में आज निकलने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा का रुट चार्ट
मैहर जिले में 9 जनवरी 2024 को विकसित भारत संकल्प यात्रा विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों का भ्रमण करेगी। जिनमें मैहर विकासखंड अंतर्गत गोरइया, झांझबरी, जुड़वानी, मौदहा, सारंग, अमरपाटन विकासखंड अंतर्गत सन्नेहीबड़ा, बिगौड़ी तथा रामनगर विकासखंड अंतर्गत मर्यादपुर, देवदहा में विकसित भारत संकल्प यात्रा का प्रचार वाहन भ्रमण करेगा।
जिला सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक आज
अनुसूचित जाति, जनजाति अत्याचार अधिनियम 1989 एवं अत्याचार निवारण नियम संशोधित 2016 के तहत जिला स्तरीय सतर्कता एवं मानीटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में 9 जनवरी 2024 को सायं 5 बजे से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित गई है। बैठक में अधिनियम 1989 के अंतर्गत नियम 1995 संशोधित 2016 के तहत विभिन्न उपबंधों के तहत विभिन्न श्रेणी के प्रकरण स्वीकृत और भुगतान राशि, विभिन्न श्रेणी के पीड़ितो को स्वीकृत एवं भुगतान राशि, अधिनियम के उपबंधो के क्रियान्वयन के लिये जिम्मेदार अधिकारियों एवं अभिकरणों की भूमिका के संबंध में, विशेष न्यायालय में अधिनियम के अंतर्गत विचाराधीन एवं निराकृत मामलों एवं पुलिस में दर्ज प्रकरण और अनुसंधान में लंबित मामलों के संबंध में चर्चा की जायेगी।
Bhaskar Hindi News