Wednesday , July 3 2024
Breaking News

Satna: बरौंधा के जंगल में भालू का आतंक, पत्ती तोडऩे गए युवक पर किया हमला, पैर और कान में आई चोट

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ वन परिक्षेत्र बरौंधा में एक भालू दहशत का पर्याय बना हुआ है। केल्हौरा बीट के पपरागार जंगल में सोमवार की सुबह भालू ने एक युवक पर हमला कर दिया। जिसके पैर और कान में चोट आई है। किसी प्रकार से जान बचाने में सफल रहे युवक को परिजनों ने मझगवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही बरौंधा रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय अस्पताल पहुंचे और पीडि़त युवक का हालचाल जाना।
बताया जाता है कि केल्हौरा निवासी रामकेश यादव और उसका साथी भउआ यादव जंगल में पत्ती काटने गए थे। रामकेश यादव बेर की पत्ती काट रहा था तभी भालू ने पीछे से उसका पैर पकड़ लिया। इस बीच वहां पर मौजूद भउआ ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद भालू उसे छोड़कर भाग गया। हालांकि इस बीच रामकेश के पैर में चोट लग चुकी थी।
बकरी के लिए पत्ती लेने गया था युवक
पीडि़त ने बताया कि उसने बकरी पाल रखी है। जंगल में बकरियों को चराने ले जाता है, लेकिन बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण अब बकरियों को जंगल ले जाने की बजाय उन्हें घर में पत्ती ला कर दे देता है। सोमवार को दोपहर करीब एक बजे पत्ती काट रहा था तभी भालू ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद रेंजर बृजेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि वन विभाग लोगों को जंगल में अंदर न जाने की हिदायत पहले ही दे चुका था। इसके बाद भी तमाम गांव के लोग जोखिम मोल लेते हैं। फिलहाल युवक का इलाज चल रहा है। वन विभाग के नियमानुसार मदद की जाएगी।

About rishi pandit

Check Also

Satna: कलेक्टर मैहर और एसपी ने दी नवीन कानूनों की जानकारी

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारतीय न्याय संहिता, नागरिक सुरक्षा संहिता 2023, भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *