

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ विधानसभा निर्वाचन 2023 में सतना और मैहर जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के लिये संपन्न हुये मतदान की गणना का कार्य शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के नवीन भवन के विभिन्न कक्षों में किया जायेगा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने मतगणना कार्य में संलग्न नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी महेंद्र सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह, प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव, मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता सहित सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स भी उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने विधानसभा निर्वाचन में जिले में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं विधि-सम्यक मतदान संपन्न कराने में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग के लिये धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होने कहा कि पूरे चुनाव की सफलता तभी मानी जाती है, जब मतदान के बाद उसके मतों की गणना भी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, निर्विवाद वातावरण में बिना किसी आक्षेपों के संपन्न हो। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतगणना स्थल पर गणना कक्षों में किसी भी प्रकार का मोबाईल, लैपटॉप एवं इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेस सख्ती से प्रतिबंधित रहेगा। गणना कक्षों में केवल प्रेक्षक के अलावा और किसी को भी मोबाईल साथ में ले जाने की इजाजत नहीं होगी। उन्होने बताया कि मतगणना स्थल पर प्राधिकृत प्रवेश पत्र के बिना किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जायेगा। मतगणना कार्य में लगे गणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक और माइक्रो आब्जर्वर का तीन बार रेण्डमाइजेशन किया जायेगा। अंतिम रेण्डमाइजेशन मतगणना दिवस 3 दिसंबर को प्रातः 5 बजे प्रेक्षकों की उपस्थिति में किया जायेगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वर्मा ने बताया कि मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी और उनके एजेण्ट तथा मीडिया पर्सन की एंट्री विद्यालय के सामने के मुख्य द्वार से होगी तथा इनके वाहन रेल्वे ग्रांउड में पार्क किये जायेंगे। मतगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारी-कर्मचारी, रिटर्निंग ऑफिसर्स, प्रेक्षक सहित सभी निर्वाचन अमले का प्रवेश विद्यालय के पिछले द्वार से होगा और इनके वाहनों की पार्किंग पीछे के मैदान में रहेगी। बहुउद्देशीय भवन के पास सभी कार्मिकों और अधिकारियों-कर्मचारियों के मोबाईल जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। यहीं पर टेबिल के कार्मिकों की डिकोडिंग चार्ट भी चस्पा किया जायेगा। अभ्यर्थी एवं उनके एजेण्टों के मोबाईल मुख्य प्रवेश द्वार पर ही बाहर रखवा लिये जायेंगे और किसी भी व्यक्ति को बीड़ी, सिगरेट, गुटखा, तंबाकू सहित किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। मतगणना स्थल पर विधिवत जांच और फ्रिसि्ंकग के बाद ही प्राधिकार पत्र के आधार पर प्रवेश दिया जायेगा। कलेक्ट्रेट के सामने धवारी चौराहे से प्रेमनगर जनता स्कूल तक का रास्ता और ट्रैफिक पूरा बंद रहेगा। गणना स्थल नवीन भवन के सामने पूर्वी छोर पर मीडिया कक्ष बनाया जायेगा और उसके बगल में अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था होगी। मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता ने बताया कि मतगणना के 72 घंटे पहले शिकायत शाखा का फोन नंबर 1950 सक्रिय रहेगा और प्रेक्षकगण मतगणना दिवस से दो दिन पहले मतगणना स्थल का निरीक्षण करेंगे और अपनी रिपोर्ट आयोग को भेजेंगे। इसी प्रकार मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रदेश के 10 मतगणना स्थलों का निरीक्षण कराया जायेगा। उन्होने मतगणना कार्य में संलग्न सभी नोडल अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कलेक्टर ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण
विधानसभा निर्वाचन 2023 में मतदान के लिये उपयोग की गई पोल्ड ईवीएम को जिला मुख्यालय में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में कड़ी सुरक्षा के साथ चौबीसों घंटे की निगरानी में विधानसभावार बने स्ट्रांग रुम में रखा गया है। मंगलवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने स्ट्रांग रुम स्थल पहुंचकर निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा मतगणना स्थल पर की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। इसके मौके पर सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम अभिषेक गहलोत, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार, एएसपी शिवेश सिंह बघेल, कार्यपालान यंत्री लोक निर्माण बीआर सिंह, प्राचार्य सुशील श्रीवास्तव सहित सभी सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स भी उपस्थित थे।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भोपाल के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में स्थापित ईवीएम/वीवीपैट के अपने-अपने विधानसभावार स्ट्रांग रूम का प्रतिदिन सुबह एवं शाम निरीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता द्वारा भी नियमित रुप से स्ट्रांग रुम का निरीक्षण कर निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के बिंदुओं पर रिपोर्ट भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जा रही है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने स्ट्रांग रुम के निरीक्षण के पश्चात मतगणना स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सतना और मैहर जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना के नवीन भवन में की जायेगी। इनमें भूतल पर दो विधानसभा क्षेत्र, प्रथम तल पर तीन विधानसभा क्षेत्र और द्वितीय तल पर दो विधानसभा क्षेत्र के मतों की गणना की जायेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी एवं उनके एजेण्ट, मीडिया पर्सन तथा ऑफिशियल एवं काउंटिंग पर्सनल्स के प्रवेश और वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की जानकारी ली।
Bhaskar Hindi News