Monday , November 2 2026
Breaking News

विदेश यात्रा होगी आसान! 1 नवंबर से 7 एयरपोर्ट्स पर शुरू होगा डिजी यात्रा का ट्रायल

नई दिल्ली
 अब विदेश जाने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर बार-बार अपने कागजात दिखाने और लंबी लाइनों में खड़े होने की झंझट से बड़ी राहत मिल सकती है। इसकी वजह है कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए डिजी यात्रा की सुविधा का दायरा बढ़ाने की जा रही है। 1 नवंबर से देश के 7 एयरपोर्ट्स पर इसका बड़ा ट्रायल शुरू होने जा रहा है, जो दिसंबर तक चलेगा। 

इससे यात्रियों को क्या-क्या फायदे मिलेंगे?
इस बात को ऐसे समझिए कि अभी तक विदेश यात्रा के दौरान एयरपोर्ट में एंट्री करने, सिक्योरिटी चेक और बोर्डिंग के वक्त कई जगहों पर बार-बार पासपोर्ट और टिकट दिखाना पड़ता है। नई व्यवस्था में आपकी पहचान पहले से ही डिजिटल रूप से वेरिफाई होगी। इससे बार-बार दस्तावेज निकालने और लंबी कतारों में खड़े होने का समय बचेगा, जिससे सफर का अनुभव बहुत ही स्मूथ हो जाएगा।

किन 7 एयरपोर्ट्स पर शुरू हो रहा है ट्रायल?

यह ट्रायल देश के इन सात प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर किया जाएगा। 

    नई दिल्ली
    मुंबई
    बेंगलुरु
    हैदराबाद
    चेन्नई
    कोच्चि
    अमृतसर

इस ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए क्या शर्तें हैं?
यदि आप इस सुविधा का लाभ उठाना चाहते हैं, तो दो बातों का होना जरूरी है। पहला कि यात्री के पास चिप वाला ई-पासपोर्ट होना अनिवार्य है। दूसरी कि आपकी उड़ान एअर इंडिया या इंडिगो की होनी चाहिए, जो इस ट्रायल में शामिल हैं।

क्या इससे पासपोर्ट की बिल्कुल जरूरत नहीं पड़ेगी?
सीधे और साफ शब्दों में कहे तो नहीं, ऐसा बिल्कुल नहीं है। इसे लेकर भ्रमित न हों। आपका पासपोर्ट और वीजा पहले की तरह पूरी तरह अनिवार्य रहेगा।एयरलाइन द्वारा दस्तावेजों की जांच, सुरक्षा और इमिग्रेशन की प्रक्रिया हमेशा की तरह तय नियमों के तहत ही होगी। साथ ही जब आप विदेश पहुंचेंगे, तो उस देश के अपने स्थानीय प्रवेश नियम और कानून भी लागू रहेंगे।

ई-पासपोर्ट क्या होता है और डिजी यात्रा कितनी लोकप्रिय है?
गौरतलब है कि साधारण पासपोर्ट की तरह ही दिखने वाले इस पासपोर्ट में एक इलेक्ट्रॉनिक चिप लगी होती है। इस चिप के अंदर यात्री का नाम, जन्मतिथि, फोटो और बायोमेट्रिक विवरण सुरक्षित रूप से दर्ज रहता है।

बात अब डिजी यात्रा के सफर की करें तो देश में इस समय डिजी यात्रा के कुल 2.65 करोड़ यूजर हैं। देश के कुल हवाई यात्रियों में से 30% लोग इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्तमान में यह सुविधा देश के 39 घरेलू एयरपोर्ट्स पर पहले से ही उपलब्ध है, जिसे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आजमाया जा रहा है।

About rishi pandit

Check Also

8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट के बाद बदल सकती है कर्मचारियों की सैलरी-पेंशन, सरकार ले सकती है 5 बड़े फैसले

नई दिल्ली केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का बेसब्री से …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *