सतना, भास्कर हिंदी न्यूज/ सतना जिले की धार्मिक नगरी मैहर के रेलवे स्टेशन की सूरत भी अब बदलने वाली है। शनिवार को माता शारदा की नगरी मैहर में रेलवे स्टेशन के कायाकल्प के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली शिलान्यास किया।
सतना जिले का मैहर स्टेशन भी 506 स्टेशनों में शामिल हैं जिनका पुनर्विकास किया जाना है। इसके लिए 21.4 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पीएम मोदी मैहर स्टेशन के विकास कार्यक्रम की शुरुआत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए देश के अन्य स्टेशनों के साथ की। मैहर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पीएम की वीसी से जुड़ने के लिए व्यवस्था की गई।
जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर सांसद गणेश सिंह शामिल हुए। इसके अलावा पद्मश्री बाबूलाल दाहिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रामखेलावन कोल, भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, मैहर नगर पालिका अध्यक्ष गीता सोनी, भाजपा नेता रमेश पांडेय बमबम महाराज, संजय राय, श्रीकांत चतुर्वेदी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। बड़ी संख्या में मैहर के गणमान्य नागरिकों एवं स्कूली छात्र- छात्राओं ने भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।
सतना जिले के मैहर में त्रिकूट पर्वत पर विराजीं माता शारदा के दर्शन करने देश भर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। नवरात्रि पर वर्ष में दो बार यहां मेले लगते हैं। मुंबई हावड़ा रेल मार्ग पर स्थित मैहर रेलवे स्टेशन पर नवरात्रि में कई ट्रेनों का स्टॉपेज भी रेलवे तय करता है।