

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रवेश शुक्ला का घर ढहवाने के मामले में गुरुवार को कांग्रेस नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल का विरोध करने जा रहे लोगों और पुलिस के बीच गुरुवार को बिरसिंहपुर में जमकर झड़प हो गई। पुलिस ने विरोध करने वालों को खदेड़ा और वाहनों को थाने ले आई। भीड़ थाने के सामने जमा हो कर एसडीओपी के खिलाफ नारेबाजी करने लगी।
बिरसिंहपुर में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी की मौजूदगी में आयोजित युवक कांग्रेस के कार्यक्रम से पहले जमकर बवाल हुआ। अजय सिंह राहुल के बिरसिंहपुर आने का विरोध करने जा रहे लोगों को पुलिस ने रोका और तितर-बितर करने की कोशिश की तो दोनों के बीच जमकर झड़प भी हुई।
तलाशी के दौरान निकले डंडे और पाइप
पुलिस ने वाहनों की तलाशी ली और उनमें रखे डंडे और पाइप जब्त कर वाहनों को थाने भेज दिया। इससे नाराज सामाजिक लोग और भाजपाई सभापुर थाना के सामने सड़क पर धरने पर जा बैठे। उन्होंने एसडीओपी चित्रकूट आशीष जैन के बर्ताव पर नाराजगी जताते हुए उन्हें हटाने की मांग शुरू कर दी।
उधर, सड़क किनारे खड़े हो कर अजय सिंह राहुल वापस जाओ के नारे लगा रहे प्रदर्शनकारी और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भी आपस मे उलझ पड़े। बीच सड़क दोनों पक्षों के बीच जमकर नोंक झोंक-धक्का मुक्की हुई। हालांकि इस सब के बावजूद अजय सिंह राहुल और जीतू पटवारी कांग्रेसियों और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और लंबी रैली के साथ बिरसिंहपुर पहुंचे। जहां सभास्थल पर चित्रकूट विधायक नीलांशु चतुर्वेदी ने उनका स्वागत किया।
विरोध की वजह
सीधी के पेशाब कांड के बाद प्रवेश शुक्ला का पूरा घर जमीदोज किए जाने के लिए अजय सिंह राहुल समेत कांग्रेस के तमाम नेता धरने पर बैठे थे। घर ढहा दिए जाने के बाद प्रवेश के बेगुनाह परिवार के सिर से छत छिन जाने से ब्राह्मण समाज मे आक्रोश गहरा गया था। सामाजिक लोगों ने इसके लिए अजय सिंह राहुल को दोषी ठहराते हुए बिरसिंहपुर में उनके कार्यक्रम के विरोध का ऐलान किया था। गुरुवार को इस कार्यक्रम के विरोध के सामाजिक लोग सड़क पर उतरे। लेकिन इसमें कुछ भाजपाई भी शामिल हो गए। भाजयुमो के मंडल अध्यक्ष भी अपने समर्थकों के साथ चल पड़े। पुलिस को इस तरह की तैयारियों की खबर लगी तो एहतियाती तौर पर वाहनो की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। इसी दौरान वाहनो से डंडे निकलने लगे तो पुलिस ने लोगों को तितर-बितर करना शुरू कर दिया।
Bhaskar Hindi News