कटनी, भास्कर हिंदी न्यूज़/ देर रात बरातियों से भरे पिकअप की और मिनी ट्रक भिड़ंत हो गई। हादसे में एक दर्जन लोग घायल हो गए। एक घायल की मौत हो गई। आठ घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। घटना की जानकारी विधायक संजय पाठक को खबर लगते ही वह घटना स्थल पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के देवरी मझगवाँ गांव से कोरी समाज की बारात पिकअप वाहन से जा रही थी। ग्राम बंजारी में स्टेडियम के समीप पिकअप मिनी ट्रक से जा भिड़ी। हादसे में एक दर्जन बाराती घायल हो गए। विधायक संजय सतेंद्र पाठक तत्काल घायलों को एंबुलेंस से विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया और खुद भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
डाक्टर विनोद कुमार ने बताया की गंभीर रूप से घायल 8 मरीजों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है जबकि 4 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है और उपचार जारी है। वहीं हादसे में राकेश कोरी नामक युवक की मौत हो गई। घायल देवरी मझगवा और कौंहारी सलैया निवासी हैं। घायलों में जितेन्द्र कोरी, दीपक पटेल, हीराचंद, रामखिलावन, सुनील कुमार,राजा कुमार,मुकीम कोरी, अर्जुन कोरी,मुलइराम, राकेश बसोर, ललित लोधी, सुरू कोरी, जयराम कोरी शामिल हैं।