उमरिया,भास्कर हिंदी न्यूज़/ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र के एक रिसोर्ट में छापा मारकर पुलिस ने आईपीएल पर सट्टा लगाने वालों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में लगभग आधा दर्जन लोग शामिल हैं। यह लोग रिसोर्ट बुक करा कर यहां से सट्टा लगा रहे थे। इस बारे में जानकारी देते हुए मानपुर थाना प्रभारी सुंदरेष सिंह मरावी ने बताया कि पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है और फिलहाल पूछताछ की जा रही है, इसके बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।
मुखबिर से मिली सूचना
पुलिस ने बताया कि बांधवगढ़ टाईगर रिजर्व अंतर्गत संचालित होटल में अवैध गतिविधि की जानकारी मुखबिर से मिली थी। ताला पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वाइल्ड टाईगर रिसोर्ट से कुछ संदिग्धों को अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाते गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद उनसे पूछताछ की जा रही थी। होटल के कमरों में कंप्यूटर सिस्टम लगे हुए थे साथ ही मोबाइल पर जानकारियां आ रही थी। कमरे में लगे टीवी का उपयोग भी इसी अवैध गतिविधि में किया जा रहा था।
सट्टे का हुआ खुलासा
गिरफ्तार करने के बाद जब आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की तब इस बात का खुलासा हुआ कि होटल के कमरे में सट्टे का कारोबार चल रहा था। आईपीएल पर यहां सट्टा लगाया जा रहा था। बताया गया है कि हर गेंद पर और हर ओवर पर अलग-अलग तरह से सट्टा लगाया जा रहा था। रात में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपितो को थाने पहुंचाया और इसके बाद उनसे पूछताछ की जाती रही।
यहां भी लग रहा सट्टा
उमरिया जिले में कई अन्य स्थानों पर भी आईपीएल का सट्टा लगाया जा रहा है, लेकिन अभी तक पुलिस ने इस दिशा में ध्यान नहीं दिया है। उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली और नोरोजाबाद में आईपीएल पर सट्टा लगाया जा रहा है। लोग इस बात की चर्चा खुलकर कर रहे हैं लेकिन पुलिस तक अभी इसकी भनक या तो पहुंची नहीं है या शायद पुलिस किसी ठीक अवसर का इंतजार कर रही है। हालांकि बांधवगढ़ में हुई करवाई के बाद बिरसिंहपुर पाली और नोरोजाबाद के सटोरिए सतर्क हो सकते हैं। चंदिया में भी आईपीएल पर सट्टा लगाए जाने की जानकारी सामने आ रही है।