सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामख्ेालावन पटेल ने बुधवार को अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के मोहनी, कपुरहाई सहित अनेक ग्रामों का भ्रमण कर असमय बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि और उसमें बारिश से पूरे प्रदेश के कई जिलों में फसलों का नुकसान हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल ओलावृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में जाकर किसानों को भरपूर सहायता देने का आश्वासन दिया है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्राकृतिक विपदा की घड़ी में राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जहां 50 प्रतिशत से अधिक फसलों को नुकसान हुआ है। उन किसानों को 32 हजार रूपये प्रति हेक्टेयर की दर से राहत राशि देंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से फसल की पूरी भरपाई की जाएगी। राजमंत्री ने कहा कि ईश्वर की कृपा से हमारे सतना जिले में ओलावृष्टि का प्रकोप ज्यादा नहीं हुआ है। जिले के कुछ ग्राम ही प्रभावित हुए हैं। जिनका सर्वे राजस्व अधिकारियों द्वारा किया जाकर राहत राशि के प्रकरण बनाए जाएंगे।
राज्य मंत्री ने बड़ा इटमा का देखा आधार सेंटर
महिलाओं को लाडली बहना योजना की दी जानकारी
पिछड़ा वर्ग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल ने बुधवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान अमरपाटन क्षेत्र के बड़ा इटमा में संचालित आधार सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के क्रियान्वयन के पूर्व की तैयारी समग्र ई-केवाईसी और आधार इनवेल्ड के किए जा रहे कार्य का अवलोकन किया।
राज्यमंत्री ने आधार सेंटर के समीप बैठी महिलाओं से चर्चा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भर की बहनों के सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना शुरू की है। राज्य शासन की अति महत्वाकांक्षी योजना में जून माह से सभी पात्र महिलाओं के खाते में एक हजार रुपये प्रतिमाह भेजे जाएंगे। इसके लिए महिलाओं को अपनी समग्र ई-केवाईसी, आधार और डीबीटी इनवेल्ड बैंक खाता रखना होगा। सभी गांवों में 25 मार्च से लगने वाले कैंपों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी पात्र महिलाओं का किया जाएगा।
महिला स्वास्थ्य शिविर आज
जिला आयुष अधिकारी डां. नरेन्द्र कुमार पटेल ने बताया कि राष्ट्रीय आयुष मिशन योजनान्तर्गत लोक स्वास्थ्य सेवा प्रदाय गतिविधियों से जिला स्तर पर महिला सशक्तिकरण दिवस पर 23 मार्च को आयुषि-स्वस्थ नारी, सशक्त नारी (महिला स्वास्थ्य शिविर) का आयोजन नवीन जिला आयुष कार्यालय भवन नई बस्ती केन्द्रीय जेल के पास सतना में किया जाएगा।