उमरिया, भास्कर हिंदी न्यूज़/ बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बुधवार को जंगली हाथी के बच्चे की मौत हो गई। जब बांधवगढ़ के डाक्टरों ने उसके शव का पोस्टमार्टम करना शुरू किया तो उसकी मां हथिनी चिंघाड़ते हुए पहुंच गई। पार्क अमला पोस्टमार्टम छोड़कर भाग खड़ा हुआ। कुछ दूरी पर 11 हाथियों का झुंड भी मौजूद था। एक घंटे बाद जब हथिनी वहां से गई, तब डाक्टरों ने पोस्टमार्टम किया।
एक घंटे तक आसपास घूमती रही
पार्क के पनपथा कोर जोन के हरदी बीट अंतर्गत कक्ष क्रमांक आरएफ-455 हाथीताल क्षेत्र में गश्ती दल ने हाथी के बच्चे का शव देखा और प्रबंधन को घटना की सूचना दी। क्षेत्र संचालक सहित वन्य जीव चिकित्सक व फारेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटना के कारणों की जांच कर पोस्टमार्टम करना शुरू किया।
इसी बीच हथिनी चिंघाड़ते हुए वहां पहुंच गई। हथिनी को आता देखकर पार्क अमला भाग खड़ा हुआ। हथिनी अपने मृत बच्चे के आसपास घूमती रही और उसे सूंघती रही। कुछ दूरी पर 11 हाथियों का झुंड भी मौजूद रहा। करीब दो सौ मीटर की दूरी पर पार्क के अधिकारी व कर्मचारी खड़े थे।
करीब एक घंटे बाद हथिनी पास के नाले में गई और अपने ऊपर धूल और मिट्टी का छिड़काव कर वापस जंगल की ओर चली गई। इसके बाद डाक्टरों ने हाथी के बच्चे के शव का पोस्टमार्टम किया। उप क्षेत्र संचालक ललित भारती ने बताया कि मृत हाथी के बच्चे के शरीर में कोई चोट के निशान नहीं थे। उसकी मौत ठंड के कारण होने की संभावना है।