Indore Crime News: इंदौर/ कालाकुंड (पहाड़ी क्षेत्र) में देर रात 50 लड़के, लड़कियों और महिलाओं को शराब पार्टी करना महंगा पड़ गया। दल-बल के साथ पहुंचे पुलिस अफसरों ने सभी को पकड़कर थाना पहुंचा दिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले शराब की बोलतें खाली हो चुकी थी। लिहाजा आयोजक के विरुद्ध कर्फ्यू उल्लंघन का प्रकरण दर्ज किया गया। इसमें सभी बड़े कारोबारी और संभ्रांत परिवार के लोग हैं।
वाकया रविवार रात करीब डेढ़ बजे सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित कालाकुंड लोधिया के पास का है। ग्रामीणों ने सूचना दी कि कुछ लोग पहाड़ी क्षेत्र में पार्टी कर रहे है। आयोजकों ने टैंट लगा रखा है और डीजे लगा रखा है। तेज साउंड पर नाच रहे है। थाना प्रभारी (प्रोबेशनर आइपीएस) अभिनव विश्वकर्मा और डीएसपी (मुख्यालय) अजय वाजपेयी ने आस-पास के थानों का बल एकत्र कर सभी को घेर लिया। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से लड़कियों और महिलाओं को पुलिस वाहन में बैठाया, जबकि लड़कों को कार में भरकर थाने ले गए। देर रात आयोजक पंकज थारवानी निवासी साधु वासवानी नगर के खिलाफ धारा 188 के तहत केस दर्ज कर थाना से जमानत पर रिहा कर दिया।
इंस्टाग्राम पर मैसेज कर पार्टी आयोजित की, नशे में मिली लड़कियां
डीएसपी के मुताबिक पंकज एक इवेंट कंपनी चलाता है। उसने इंस्टाग्राम पर मैसेज सर्कुलेट कर लोगों को पार्टी के बारे में सूचना दी थी। उसने पार्टी में शामिल होने वालों से शराब और खाने का पैसा भी लिया था। पुलिस ने जब छापा मारा तो कॉलेज के छात्र-छात्राएं व संभ्रांत परिवार की महिलाएं भी नशें में मिली।