Sunday , May 19 2024
Breaking News
नवरात्रि के दूसरे दिन माता शारदा भवानी का अद्भुत एवं मनोहारी शृंगार किया गया. प्रधान पुजारी नितिन महाराज ने माँ भवानी की दिव्य आरती की। ( छायाकार, सजल गुप्ता )

Satna: त्रिकूट पर्वत पर विराजमान मां शारदा के दिव्य दर्शन व  महाआरती देखने के लिए उमड़े श्रद्धालु 

 

चाक चौबंद सुरक्षा के बीच एक लाख से अधिक भक्तों ने किये दर्शन

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मैहर के त्रिकूट पर्वत पर विराजमान विद्या और बुद्धि की देवी मां शारदा भवानी की नवरात्र पर्व के दूसरे दिन ब्रह्ममुहुर्त में भव्य आरती की गई। मां शारदा के दिव्य दर्शन के लिए लोगों का हुजूम लगा रहा। भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और लोग दूर-दूर से मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। चाक चौबंद सुरक्षा के बीच एक लाख से अधिक भक्तों ने शारदेय नवरात्रि के दूसरे दिन मंगलवार को माता रानी के दरबार में मत्था टेका। पुलिस एवं प्रशासन की कड़ी निगरानी में माता के भक्तों ने मां शारदा के चरणों में शीश नवाया।

मंदिर के पट सुबह साढ़े चार बजे खोल दिए गए और यहां के पुजारी ने माता का श्रृंगार किया। उसके बाद भव्य आरती की। भक्तों ने मां शारदा के जयकारे लगाए। यहां नवरात्र के पहले दिन से ही मेला शुरू हो चुका है। बड़ी संख्या में लोग यहां मां शारदा से अपनी मन्नतों को लेकर पहुंचते हैं।

प्रशासन की तरफ से भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न तरह के इंतजाम किए गए हैं। कलेक्टर अनुराग वर्मा और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में होती है।

सम्पूर्ण मेला क्षेत्र में ड्रोन की नजर

शारदीय नवरात्रि में माँ शारदा भवानी के दर्शनों के लिए प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है। भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा मेले के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सम्पूर्ण मेला परिसर की ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। कलेकटर अनुराग वर्मा एवं जिले के पुलिस कप्तान आशुतोष गुप्ता के निर्देशों पर मातहत अधिकारी एवं कर्मचारी समूचे मेला क्षेत्र की व्यवस्थाएं संभालने में जी-जान से जुटे हुए हैं।

16 ट्रेनों का विशेष रूप से दो मिनट का स्टापेज

मां शारदा के दर्शन के लिए प्रदेश के ही नहीं देश के कोने-कोने से लोग नवरात्र में पहुंचते हैं। इसके लिए रेलवे ने भी व्यवस्था की है और करीब 16 ट्रेनों को यहां पर विशेष रूप से दो मिनट का स्टापेज दिया जा रहा है। इससे दूर से आने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।

About rishi pandit

Check Also

Satna: समर्थन मूल्य पर अब गेंहू की खरीद होगी 31 मई तक

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले भर में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से गेंहू का …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *