Crime: रतलाम/ औद्योगिक थाना क्षेत्र के जवाहर नगर मुक्तिधाम के पास राजीव नगर में स्थित तीन मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर स्थित घर के अंदर माता-पिता और उनकी 21 वर्षीय बेटी के शव मिले हैं। तीनों की गोली मारकर हत्या की गई है। तीनों के शरीर पर खून निकला हुआ था और गोली लगने के निशान दिखाई दिए है। हालांकि अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें गोली क्यों और किसने मारी। एसपी गौरव तिवारी, एफएसएल अधिकारी डॉ अतुल मित्तल, टीआई आरएस बरडे और अन्य पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहै है। जिन कमरों में शव मिले हैं, वहां किसी को नहीं जाने दिया गया है।
जानकारी के अनुसार स्टेशन रोड पर हेयर सैलून की दुकान चलाने वाले 50 वर्षीय गोविंद सिंह सोलंकी, उनकी 45 वर्षीय पत्नी शारदा और 21 वर्षीय बेटी दिव्या के शव उनके घर के दो कमरों में पाए गए हैं। माता-पिता के शव पीछे के कमरे और बेटी का शव आगे के कमरे में पड़ा था। क्षेत्र वासियों के अनुसार ऊपरी मंजिल पर किराये से रहने वाली ज्वालिका ने सुबह करीब 8 बजे शव देखे। गोविंद सिंह की बड़ी बेटी मीनाक्षी जो शहर के ही नेहरू नगर स्थित अपने ससुराल में रह रही है, और अन्य रिश्तेदारों को सूचना दी। इसके बाद बेटी और अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। इधर सूचना मिलने पर एसपी गौरव तिवारी व बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने कमरे में पहुंच कर जांच शुरू की। सुबह 11:30 तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाए गए। एसपी तिवारी ने बताया कि तीनो को गोली मारी गई है। घटना बुधवार व गुरुवार दरमियानी रात की है। मकान में चार पांच किराएदार रहते है। एक किरायेदार की स्कूटी गायब है। शायद घटना करने वाला ले गया है। अभी मृतको की कोई रंजिश सामने नही आई है। आपपास के लोगो ने कोई जानकारी नही दी है। अनेक बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता चलेगा कि हत्या के क्या कारण है और किसने की।
डॉग स्क्वाड भी पहुंचा
पुलिस ने घटनास्थल पर डॉग स्क्वाड को भी बुलाया। डॉग घर पर आने के बाद सीधे बाहर निकला और सामने स्थित मुक्ति धाम के पीछे प्याऊ तक करीब 500 मीटर तक गया और वापस लौट आया।