Friday , May 10 2024
Breaking News

Satna: जिले के नागरिक पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराएं राष्ट्रीय ध्वज- कलेक्टर अनुराग वर्मा

हर घर तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरुक करने साइकिल रैली का आयोजन

 

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ आजादी के अमृत महोत्सव’ में केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में प्रदेश के हर घर में स्वेच्छा से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सतना जिले में भी अमृत महोत्सव के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले हर-घर तिरंगा अभियान के प्रति जिले के नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करते हुये रैली, कार्यशाला, पोस्टर, बैनर के माध्यम से अभियान में सहभागी बनने जागरुकता अभियान चलाया जा है।

इसी क्रम में रविवार को नवनिर्वाचित महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, नोडल अधिकारी सौरभ सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यालयीन और महाविद्यालयीन छात्रों ने साइकिल रैली निकालकर सतना नगर के वासियों को हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का संदेश दिया। यह साइकिल रैली सर्किट हाउस से प्रारंभ होकर रेल्वे स्टेशन रोड, जय स्तंभ चौक, सिटी कोतवाली, कलेक्ट्रेट, धवारी तिराहा, जवाहर, नगर, राजेन्द्र नगर होते हुये सिविल लाईन चौपाटी में समाप्त हुई। इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. क्रांति मिश्रा भी उपस्थित रहीं।

कलेक्टर अनुराग वर्मा ने अभियान के बारे में जानकारी देते हुये बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सार्वभौमिक स्नेह और सम्मान प्रदर्शित करेगा। भारत की ध्वज संहिता का पालन करते हुए हम सभी को राष्ट्रीय ध्वज को पूरी गरिमा और सम्मान के साथ फहराना चाहिए। कलेक्टर श्री वर्मा ने आजादी के अमृत महोत्सव पर जिले के नागरिकों से अपने घर, कार्यालय, संस्था, सार्वजनिक स्थान आदि पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर न सिर्फ देश की स्वतंत्रता की गरिमा को बढ़ाएँ, बल्कि स्वतंत्रता को प्राप्त करने के लिए उन सभी महान वीर क्रांतिकारियों और महापुरुषों के बलिदानों के प्रति सच्ची निष्ठा भी व्यक्त करें। कलेक्टर श्री वर्मा ने साइकिल रैली में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुये उनका उत्साहवर्धन भी किया।

तिरंगामय हो मध्यप्रदेश – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मध्यप्रदेश में बहुआयामी स्वरूप मिलेगा अभियान को

  • जिला कलेक्टर्स से चर्चा कर दिए निर्देश
  • हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि तिरंगा हमारी शान, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। मध्यप्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को बहुआयामी स्वरूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान निवास कार्यालय में 13 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों और वृहद पौधारोपण के अंकुर अभियान की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ का मुख्य अभियान 13 से 15 अगस्त की तिथियों में केन्द्रित रहेगा। अभियान की विभिन्न गतिविधियाँ 11 से 17 अगस्त तक सतत् रूप से चलेंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बैठक में वीडियो कॉफ्रेंस से कलेक्टर्स से चर्चा भी की। वीडियो कॉन्क्रेंस में सतना कलेक्ट्रेट एनआईसी से कलेक्टर अनुराग वर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, आयुक्त नगर निगम राजेश शाही, जिला कार्यक्रम अधिकारी सौरभ सिंह, समन्वयक जन अभियान परिषद राजेश तिवारी, आरआई सत्यप्रकाश मिश्रा वर्चुअल रुप से शामिल हुये।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर ‘हर घर तिरंगा’ एक अद्भुत अभियान है। यह राष्ट्रभक्ति की भावना को दृढ़ बनाने का प्रकल्प है। यह प्रत्येक मध्यप्रदेशवासी का कार्यक्रम है। जिला कलेक्टर्स ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने के लिए अपने जिले में तत्काल बैठक करें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि धर्मगुरू, राजनैतिक दलों के कार्यकर्ता, रहवासी संघ के प्रमुख पदाधिकारी, व्यापारी बंधु, एनजीओ एवं अन्य साहित्यिक, सांस्कृतिक क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर ज्यादा से ज्यादा लोगों को अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाए। सबकी सहभागिता के साथ अभियान के लिए हम जुटेंगे तो अच्छे परिणाम मिलेंगे। अभियान के लिए आवश्यक वातावरण का निर्माण किया जाए। कलेक्टर्स से कोटवार तक सभी व्यक्ति सहयोग दें।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि विभिन्न भजन मंडलियों और स्थानीय कलाकारों का सहयोग भी लिया जाए। अभियान प्रारंभ होने की तिथि 13 अगस्त के पूर्व नगरों और बस्तियों में प्रभात फेरियाँ भी निकाली जाएँ। हाथ में राष्ट्रध्वज लेकर चलने के कार्य से अन्य नागरिकों को प्रेरणा मिलेगी। सोशल मीडिया पर भी इसके फोटो एवं वीडियो अपलोड कर लोगों को प्रेरित किया जा सकता है। आवश्यक हो तो नगरों में मैराथन, कवि सम्मेलन के कार्यक्रम कर सहभागिता करने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएँ। कारखानों में प्रबंधन को अभियान को सफल बनाने के लिए श्रमिक बंधुओं को जोड़ने का कार्य करना है। विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्य करने वालों, हाथ ठेला चालकों, स्ट्रीट वेण्डर्स, ऑटो रिक्शा चालकों आदि की भागीदारी भी जुटायी जाए। स्व-सहायता समूह की सदस्य महिलाएँ इसमें हिस्सा लें। निर्वाचित पंचायत पदाधिकारी और पार्षद बड़ी संख्या में अभियान में शामिल हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रभारी मंत्री, विधायक, सांसद अभियान को सफल बनाने के लिए अपने स्तर पर आहवान और प्रयास करें। व्यवस्थित प्रचार-प्रसार से यह अभियान सफल हो जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने ट्वीटर हेण्डल पर राष्ट्रध्वज लगाने की पहल की है। अन्य ट्वीटर एकाउंट होल्डर अपनी डीपी में तिरंगे को गर्व के साथ दर्शाएँ। आगामी सप्ताह मध्यप्रदेश में अभियान की तैयारियों की पुनः समीक्षा की जाएगी।

प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक झण्डों की आपूर्ति होगी

प्रेजेंटेशन में बताया गया कि मध्यप्रदेश में कुल 1.52 करोड़ तिरंगे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्थानीय स्तर पर 1.2 करोड़ तिरंगे बनाने का कार्य जारी है। तिरंगा बनाने में सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाएँ भी जुटी हैं। लगभग 50 लाख तिरंगे केंद्र सरकार से मिलेंगे। अब तक 20 लाख तिरंगे केंद्र से मिल गए हैं। स्थानीय स्तर पर भी 63 लाख तिरंगे बन गए हैं। प्रदेश के समस्त जिलों में तिरंगा वितरण के लिए 36 हजार वितरण केन्द्र बनाए गए हैं। प्रचार-प्रसार के लिए केंद्र शासन की harghartiranga.com वेबसाइट पर तिरंगे के साथ फोटो/सेल्फी अपलोड कर पोस्ट कर सकते है और वहाँ से सर्टिफिकेट ले सकते हैं। प्रदेश शासन की सभी वेबसाइट को ओपन करने पर तिरंगा अभियान की जानकारी बैनर के रूप में मिलेगी, इसकी शुरुआत जल्द हो जायेगी। आकाशवाणी और विविध भारती से वतन का राग कार्यक्रम के प्रसारण, रेडियो जिंगल्स, पुस्तिकाओं के उपयोग और नुक्कड़ नाटकों के मंचन के कदम भी उठाए जा रहे हैं।

पेड़ लगाना धरती बचाने का अभियान है

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सभी जिलों में पौध-रोपण महाअभियान सफल बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि हरियाली महोत्सव और अंकुर अभियान के कार्य निरंतर चलना है। हाल ही में मुख्य सचिव ने इन कार्यों की समीक्षा की है। जिन जिलों की प्रगति धीमी है, उन्हें अपने प्रयास बढ़ाना है। पेड़ लगाना धरती बचाने का अभियान है। कलेक्टर भी अपने जन्म-दिन पर पेड़ जरूर लगाएँ। अधिक से अधिक बच्चों को पौध-रोपण से जोड़ा जाए। जन-अभियान परिषद और अन्य संस्थाओं को जोड़कर कार्य को सफल बनाएँ। पौध-रोपण का कार्य रस्मी नहीं होना चाहिए। इसे दिल से किया जाए तो हम हरियाली बढ़ाने में निश्चित ही सफल होंगे। एक पेड़ पर अनेक जिंदगी पलती हैं। अनेक पक्षी, कीट-पतंग यहाँ बसेरा करते हैं। यह सरकार का महत्वपूर्ण अभियान है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए हमें प्रेरित करता है। स्वाधीनता दिवस तक जिलों में पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा करने का कार्य किया जाए।

पौध-रोपण महाअभियान

प्रमुख सचिव पर्यावरण अनिरूद्ध मुखर्जी ने 28 जुलाई से प्रारंभ पौध-रोपण महाअभियान में जिलों द्वारा किए गए कार्य की प्रगति का ब्यौरा प्रस्तुत किया। यह अभियान 15 अगस्त तक सघन रूप से और इसके पश्चात सतत् रूप से चलेगा। प्रेजेंटेशन में बताया गया कि प्रदेश में ‘अंकुर वायुदूत’ एप पर नागरिकों के पंजीयन का कार्य चल रहा है। जिले में अंकुर कार्यक्रम के सत्यापन के लिए जिला समन्वयक जन-अभियान परिषद और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को दायित्व दिया गया है।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 20 मई तक सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन की आधी शिकायतें कम करें- रानी बाटड

मैहर कलेक्टर ने टीएल बैठक में की समीक्षा सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर मैहर रानी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *