रीवा से अजय मिश्रा को दी टिकट, सिंगरौली से अरविंद सिंह बघेल व कटनी से श्रेया खंडेलवाल को उतारा मैदान में
सतना/भोपाल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मध्य प्रदेश कांग्रेस ने महापौर पद के 15 उम्मीदवारों के नाम
घोषित कर दिए। तीन विधायकों (संजय शुक्ला-इंदौर एक, महेश परमार- तराना, सिद्धार्थ कुशवाह- सतना) को पार्टी ने चुनाव मैदान में उतारा है तो एक विधायक की पत्नी पर भरोसा जताया गया है। रतलाम नगर निगम के महापौर पद के लिए प्रत्याशियों के नाम पर मंथन जारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने दिनभर निकायवार प्रभारी, स्थानीय विधायक और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने के बाद गुरुवार देर शाम उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी।
कमल नाथ ने सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा करने के बाद सहमति के आधार पर उम्मीदवारों के नाम तय किए। एक-एक निकाय के प्रभारी और स्थानीय विधायकों से फीडबैक लिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव काफी अहम हैं, इसलिए पूरी ताकत से जुट जाएं। पार्टी के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं रखें।
इसके पहले कमल नाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से चर्चा में कहा था कि चुनाव में सभी लोग टिकट मांगते हैं लेकिन किसी एक को मिल पाता है। हम किसी व्यक्ति को नहीं बल्कि संगठन को मजबूत करने वाला फैसला करेंगे। टिकट को लेकर खींचतान पर उन्होंने कहा कि मैं 45 साल से राजनीति कर रहा हूं। सब लोग अच्छा काम करते हैं और टिकट चाहते हैं। ऐसे में कभी-कभी तनाव हो जाता है।
इन्हें बनाया उम्मीदवार
- नगर निगम– उम्मीदवार
- भोपाल– विभा पटेल
- इंदौर– संजय शुक्ला
- जबलपुर– जगत बहादुर सिंह
- उज्जैन– महेश परमार
- मुरैना– शारदा सोलंकी
- ग्वालियर– शोभा सिकरवार
- सागर– निधि जैन
- रीवा– अजय मिश्रा
- सतना– सिद्धार्थ कुशवाहा
- कटनी– श्रेया खंडेलवाल
- सिंगरौली– अरविंद सिंह बघेल
- देवास– कविता रमेश व्यास
- खंडवा– आशा मिश्रा
- बुरहानपुर– शहनाज अंसारी
- छिंदवाड़ा– विक्रम अहाके
Bhaskar Hindi News