Thursday , May 16 2024
Breaking News

Satna: जिले में अगले तीन वर्षों में 15 हजार हेक्टेयर तक बढ़ेगा सरसों का रकबा

कलेक्टर ने की कृषि एवं संबंधित विभागो की समीक्षा

 

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना जिले में रबी तिलहन फसलों में सरसों के रकबे में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्ष 2018-19 में 6.55 हजार हेक्टेयर से बढ़कर वर्ष 2020-21 में सरसों के रकबे में 8.80 हजार हेक्टेयर वृद्धि दर्ज की गई है। अगले 3 वर्षों में सरसों की फसल के रकबे में वृद्धि कर 15 हजार हेक्टेयर तक बढ़ाए जाने का लक्ष्य लिया गया है। इस आशय की जानकारी गुरुवार को कलेक्टर अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी एवं संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक में दी गई। इस मौके पर उप संचालक कृषि केसी अहिरवार, उप संचालक पशुपालन प्रमोद शर्मा, उद्यानिकी एन.एस कुशवाहा भी उपस्थित थे।

कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रत्येक योजना के वार्षिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवाचार के रूप में प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा सिंचाई के लिए कम पानी के उपयोग वाले कृषि उपकरण स्प्रिंकलर पद्धति को प्रोत्साहित करें। कृषि विभाग की योजना में खेत तालाब (पौंड) और बलराम तालाब में अत्यंत न्यून प्रगति पर अप्रसन्नता जताते हुए कलेक्टर ने अगली बैठक में एसडीओ कृषिवार समीक्षा प्रपत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले में फसल विविधीकरण के लिए स्थानीय क्रेताओं के माध्यम से फसल उत्पादक किसानों के घर से फसल एकत्रीकरण हेतु 362 गांवों के 12811 किसानों के 8 हजार 98 हेक्टेयर क्षेत्र को चुना गया है। कलेक्टर ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन दलहन-तिलहन, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन गेहूं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के सभी लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि आत्मा परियोजना के तहत कृषक प्रशिक्षण, फसल प्रदर्शन, कृषक भ्रमण सह प्रशिक्षण, कृषक संगोष्ठी, फार्म स्कूल, कृषक समूहों के गठन के सभी वार्षिक लक्ष्य पूर्ण कर लिए गए हैं।

पशुपालन विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले की 45 गौ-शालाओं में 4542 गौवंशीय पशु हैं। जिनके लिए इन शासकीय गौ-शालाओं को 16.31 लाख का अनुदान दिया गया है। जबकि 16 अशासकीय गौ-शालाओं में 11953 गौवंशीय पशु है। इन गौ-शालाओं को वर्ष भर के लिए 4 करोड़ 33 लाख रुपए का अनुदान दिया गया है। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जिले में टमाटर के खाद्य प्र-संस्करण के 11 प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं। विभाग की 4 नर्सरियों में 41 हजार 74 पौधे तैयार किए गए हैं। मनरेगा के तहत विभाग की दो नर्सरी में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा पौधे उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कृषि अधिकारियों से कहा कि मैदानी क्षेत्र के कृषि अधिकारी सतत रूप से गांवों का भ्रमण करें और किसानों के संपर्क और संवाद में रहें। कृषि की उत्तम तकनीक और विधियों तथा फसलों के संरक्षण के संबंध में किसानों को प्रोत्साहित करें।

कलेक्टर पहुंचे मैहर, बच्चों के स्वास्थ्य की ली जानकारी

अमदरा में टीकाकरण के दौरान अस्वस्थ हुए 4 बच्चो के स्वास्थ्य का जायजा लेने कलेक्टर अनुराग वर्मा सिविल हॉस्पिटल मैहर पहुंचे। कलेक्टर ने बच्चों और उनके अभिभावकों से बातचीत की और उपचार प्रबंधों का जायजा लिया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित राव भी उपस्थित थे।
मैहर सिविल हॉस्पिटल में मौके पर उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक अवधिया ने बताया कि अमदरा में टीकाकरण के पश्चात 4 बच्चों को बेचैनी और अस्वस्थता की शिकायत हुई थी। जिन्हें तत्काल मैहर लाकर ऑब्जर्वेशन में रखा गया। सभी चार बच्चों की जांच में ब्लड प्रेशर एवं अन्य जांचे सामान्य पाई गईं। ड्रिप लगाने के बाद सभी बच्चे स्वस्थ हैं। खतरे की कोई बात नहीं है। मैहर और सतना से डॉक्टरों की एक टीम अमदरा भेजी गई है, जो आज टीकाकृत हुए सभी बच्चों को आब्जर्व करेगी।

About rishi pandit

Check Also

Shahdol: पेड़ से टकराया वाहन, हादसे में शिक्षक और उसकी पत्नी की मौत

शहडोल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ शहडोल जिले में ब्यौहारी थाना क्षेत्र के अमडीह महादेवा गांव के पास …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *