Vijay Raaz Arrested:mumbai/ विद्या बालन स्टारर फिल्म शेरनी के निर्माताओं का खर्चा बढ़ गया है। दरअसल, फिल्म में अभिनेता विजय राज की अहम भूमिका थी। उनको लेकर मध्य प्रदेश के बालाघाट में कुछ सीन भी फिल्मा लिए गए थे, लेकिन बीते दिनों छेड़छाड़ का केस दर्ज होने के बाद विजय राज का फिल्म से निकाल दिया गया है। उनके स्थान पर नए कलाकार की तलाश हो रही है और सभी सीन दोबारा फिल्माएं जाएंगे। जानिए क्या है छेड़छाड़ का पूरा मामला
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में शेरनी फिल्म की शूटिंग जारी है। फिल्म अभिनेत्री विद्या बालन द्वारा अभिनीत फिल्म में भूमिका निभाने आए हास्य कलाकार विजय राज (Vijay Raj) की महाराष्ट्र के गोंदिया में गिरफ्तारी से फिल्म जगत में हड़कंप मच गया है। हालांकि इस मामले में विजय राज को जमानत मिल गई है। जमानत मिलने से फ़िल्म प्रोडक्शन ने राहत की सांस ली है। बता दें कि इस फिल्म में कलाकारों की भूमिका निभाने आए सदस्य गोंदिया स्थित तीन सितारा होटल ‘द गेटवे’ में ठहरे हैं। यहां हास्य कलाकार विजय राज पर 30 वर्षीय युवती ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। युवती ने मामले की गोंदिया के रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
घटना 2 नवंबर की रात की बताई जा रही है। 3 नवंबर को पुलिस ने विजय राज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। 15 हजार रुपये के मुचलके पर विजय राज को जमानत मिल गई है। यहां विजय राज करीब 10 दिन की शूटिंग कर चुके हैं। बालाघाट जिले में 29 नवंबर तक शेरनी फिल्म की शूटिंग होनी है। इस फिल्म में हास्क कलाकार विजयराज भी अहम् भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में फिल्म यूनिट के सदस्य हैं। ऐसे में छेड़छाड़ का आरोप लगने से अन्य सदस्यों पर भी असर पड़ा है।
रामनगर थाना प्रभारी प्रमोद घोगे का कहना है, युवती की शिकायत हास्य कलाकार विजय राज के खिलाफ धारा 354,अ,ड के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तारी करते हुए कोर्ट में पेश किया गया था। जहां 15 हजार रुपये की राशि जमा करने पर कोर्ट से जमानत मिल गई है। मामले की जांच जारी है।