सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ रामनगर थाना अंतर्गत सगौनी गांव में श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गुरुवार दोपहर अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दो महिला व एक युवक समेत तीन की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हो गए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 100 ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी लगते ही मौके पर एसडीएम राजेश मेहता, डाक्टर आलोक अवधिया व थाना प्रभारी अशोक गौतम भी पहुंच गए। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार इस हादसे में सीधी के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के पटरा गांव निवासी लगभग 38 वर्षीय रामबाई साकेत पति श्यामलाल साकेत की घटना स्थल पर ही मौत हो गई गई। जबकि 41 वर्षीय दुखिया साकेत, पति शिवबहोर निवासी मनकीसर गांव थाना चुरहट सीधी व एक 35 वर्षीय युवक रामाश्रय की मौत इलाज के दौरान हो गई।
मां शारदा के दर्शन कर सीधी जा रहे थे
थाना प्रभारी रामनगर अशोक गौतम के अनुसार सभी लोग सीधी के साकेत परिवार से थे और पारिवारिक रूप से मां शारदा के दर्शन करने मैहर गए थे। पिकअप में 25 से 26 लोग सवार थे जो मैहर में मां शारदा के दर्शन कर सीधी लौट रहे थे। तभी रामनगर थाना अंतर्गत सरौनी गांव के पास सामने से मोटरसाइकिल आ जाने से पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे पलट गया। पिकअप वाहन एमपी 53 जीए 3978 है जो कि सीधी जिले के वार्ड नंबर एक पोस्ट करौंदिया थाना रामपुर नैकिन निवासी राजभान साहू के नाम पर दर्ज है। जो कि सचिन रोड लाइंस सीधी द्वारा संचालित किया जा रहा था। घायलों को रामनगर, देवराजनगर व अमरपाटन व जिला अस्पताल भेजा गया जहां घायलों का इलाज जारी है।
अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री व जनप्रतिनिधि
रामनगर में हुए सड़क हादसे में घायलों से मिलने राज्यमंत्री रामखेलावन पटेल अस्पताल पहुंचे वहीं उन्होंने मृतक के स्वजनों से भी मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपाटन में राज्यमंत्री सहित एसडीएम और बीएमओ भी पहुंचे। राज्यमंत्री ने कहा कि मृतकों के स्वजनों के लिए हर सम्भव मदद की जाएगी। वहीं रामनगर अस्पताल में भाजपा मंडल अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता और सांसद प्रतिनिधि महेंद्र कुशवाहा अस्पताल पहुंचे और मरीजों से उनका हाल जाना। वहीं जानकारी लगने पर मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष डा. राजेंद्र कुमार सिंह ने भी रामनगर के सगौनी गांव में हुए सड़क हादसे में मृत हुई महिला की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
हादसों का जोन बना मैहर रीवा मार्ग
मैहर से रामनगर होते हुए रीवा और मैहर अमरपाटन मार्ग इन दिनों हादसों का जोन बन गया है। इस मार्ग में एक माह में ही लगभग 15 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। जबकि यहां रोजाना सड़क हादसे हो रहे हैं। जिले के अन्य स्थानों की बात करें तो सबसे ज्यादा मैहर रोड, रीवा रोड, अमरपाटन, रामनगर और रामपुर बाघेलान, बेला मार्ग में सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं इस माह हुई हैं। जबकि दुर्घटनाओं के लिए पहचाने जाने वाला चित्रकूट मार्ग में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है।
Bhaskar Hindi News