Crime News: digi desk/BHN/ भोपाल/ बागसेवनिया थाना पुलिस ने 19 जून को एक किशोरी द्वारा फांसी लगाने के मामले में उसके सहपाठी के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। आरोपित भी नाबालिग है। पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी ने पिछले दिनों फांसी लगा ली थी। वह 10वीं में पढ़ती थी। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला था। उसमें किशोरी ने कोचिंग जाते समय साथ पढ़ने वाले छात्र द्वारा उसके साथ छेड़छाड़ करने का जिक्र किया था। इस वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई है। सुसाइड नोट की जांच के बाद पुलिस ने मनचले के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज
छोला मंदिर थाना पुलिस के मुताबिक 13 जून को नवजीवन कॉलोनी निवासी रंजीता पत्नी वीरेंद्र यादव (28) ने घर में फांसी लगा ली थी। मामले की जांच में पता चला कि वीरेंद्र, किसी अन्य महिला से फोन पर बात करता था। इस बात की जानकारी रंजीता को लग गई थी। रंजीता, पति से उस महिला से दूर रहने को कहती थी। इस पर वीरेंद्र पत्नी के साथ मारपीट करता था। रंजीता ने यह बात अपनी बहनों को भी बताई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने वीरेंद्र के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है।