रीवा, भास्कर हिंदी न्यूज़/ रीवा शहर के कटरा मार्ग पर शुक्रवार को कच्चा मकान गिर जाने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मकान रीवा के पूर्व महापौर राजेंद्र ताम्रकार का बताया जा रहा है। मकान गिरने से मची अफरातफरी के बीच मलबे में दबे तीन लोगों को किसी तरह बाहर निकाला गया। घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को रीवा शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटरा मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक कच्चा मकान धराशाई हो गया। जिस समय यह हादसा हुआ मकान में तीन लोग सो रहे थे। तेज़ आवाज़ के साथ मकान अचानक नीचे जा गिरा। देखते ही देखते आसपास के लोग एकत्रित हो गए और मलबे में दबे हुए व्यक्तियों को बाहर निकाला। कच्चे मकान के मलबे में दबे रागिनी ताम्रकार, रमाशंकर ताम्रकार व आस्था ताम्रकार को संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार जारी है।