Sunday , September 15 2024
Breaking News

Satna: सौंदर्यीकरण के दौरान 70 साल पुराना तालाब फूटा, कालोनियां जलमग्न

नारायण तालाब की मेड़ टूटने से बस्तियों में जलभराव

बाढ़ के हालात, कार-बाइक डूबी, बच्चे समेत दो लोगो का किया गया रेस्क्यू

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/  शहर में 70 साल पुराने तालाब की मेड़ टूट गई। तालाब का पानी आस-पास की कॉलोनियों में भरा गया। घरों के अंदर रखा सामान खराब हो गया। कार और बाइकें भी डूब गईं। दो बच्चे जान बचाने के लिए गेट पर लटके रहे। लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें निकाला। वहीं तेज बहाव में फंसी एक महिला और शख्स का भी रेस्क्यू किया गया। घटना हवाई पट्टी मार्ग पर उतैली में नारायण तालाब में मंगलवार दोपहर की है। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर योगेश ताम्रकार, कलेक्टर अनुराग वर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता, नगर निगम आयुक्त शेर सिंह मीणा मौके पर पहुंचे। नगर निगम, होमगार्ड के अमले के साथ ही राजस्व की टीम और पुलिस बल को भी बुलाया गया। इसके बाद रेस्क्यू और तालाब की टूटी  मेड़ की मरम्मत का काम शुरू किया गया। 

2021 से इस तालाब का सौंदर्यीकरण का काम किया जा रहा है। भोपाल के ठेकेदार को करीब 10 करोड़ में इसका ठेका दिया गया है। अभी भी 30 फीसदी काम बाकी है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि तालाब की  मेड़  को ठेकेदार के लोगों ने क्षति पहुंचाई। उन पर काम में तेजी लाने का दबाव था। उन्होंने पानी बहने के लिए पुलिया के पास क्रांक्रीट स्ट्रक्चर को तोड़ कर चौड़ा किया। बताया गया कि पिछले कई दिनों से स्थानीय पार्षद को बताया जा रहा था कि तालाब के पानी का रिसाव हो रहा है। महापौर को भी जानकारी दी गई थी। जब बहाव शुरू हुआ तो सभी जिम्मेदारों को फोन लगाया गया था, लेकिन तब मीटिंग में होने का जवाब देकर टाल दिया गया।  पानी के बहाव में एक महिला और एक व्यक्ति बह गया था। उसे पुलिस और नगर निगम के लोगों ने बचाया। दो बच्चे भी तेज बहाव मे फंस गए थे। वे गेट पर चढ़ कर खुद को बचा रहे थे। पुलिस ने उन्हें भी सुरक्षित निकाला।

घरों में कीचड़ और मलबा

तालाब का पानी अपने साथ कीचड़ और मलबा भी बहाकर लाया। लोगों के घरों में पानी उतर चुका है,लेकिन कीचड़ और मलबा भरा पड़ा है। लोगों का कहना है कि कुछ ही मिनटों में पानी भर गया। किसी को सोचने-समझने का मौका नहीं मिला।

About rishi pandit

Check Also

स्कूल में पिता की जगह पर पढ़ा रहा था बेटा, अब दोनों पर हुई कारवाही

अनूपपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने एक स्कूल में निरीक्षण के समय शिक्षक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *