समय-सीमा प्रकरणों की बैठक
सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर अनुराग वर्मा ने जिले की नगरीय निकाय और जनपद पंचायतों द्वारा क्षेत्र के अप्रवासी श्रमिकों की सूची के सत्यापन सर्वे के बाद पात्र पाये गये सभी श्रमिकों को पात्रता पर्ची जारी के निर्देश दिये है। समय सीमा प्रकरणों की सोमवार को संपन्न बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर स्वप्निल वानखडे, सीईओ जिला पंचायत संजना जैन, एसडीएम एपी द्विवेदी, राहुल सिलाडिया, सुधीर बेक, नीरज खरे, जीतेन्द्र वर्मा, आरएन खरे सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि इस सप्ताह 11832 लंबित शिकायतों के साथ सीएम हेल्पलाइन में सतना जिला सी केटेगरी में रैंकिंग के 14वें स्थान पर है। अगली रैंकिंग की तिथि तक अवकाश की संख्या ज्यादा है। इसलिए नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण जारी रखे। जुलाई माह की 5 हजार 875 कुल शिकायतों में इस सप्ताह 1394 शिकायतें कम की गई है जबकि 4481 शिकायतें अभी भी लंबित है। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत उच्च स्तर पर नाट-अटेण्ड नहीं पहुंचनी चाहिए।
राजस्व महाअभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण की गति बढाये, इन्हें होल्ड पर नहीं रखे। अभियान के दौरान ही निराकृत करते रहे। उन्होंने कहा कि नक्शा तरमीम कार्य में प्रगति असंतोष जनक है। नक्शा तरमीम के कार्य में जितनी प्रगति होगी उतनी ही जिले की रैंक में सुधार होगा। अप्रवासी श्रमिकों को खाद्यान्न वितरण की पात्रता के संबंध में समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रवासी श्रमिकों की निकायवार और जनपदवार सूची निकायों को दी गई है। अपने-अपने निकायों में सर्वे कर सूची अनुसार व्यक्तियों का सत्यापन करें। दूसरी निकाय का व्यक्ति होने पर उसका नाम उस निकाय में ट्रांसफर करें। कलेक्टर ने कहा कि अब तक 30 हजार श्रमिकों का सत्यापन कार्य शेष है। शीघ्रता से इसे पूरा कराये। निकायों द्वारा किये गये सत्यापन सर्वे में 49 हजार श्रमिकों में 28565 श्रमिक पात्र पाये गये हैं। जिनमें मात्र 14 हजार श्रमिकों को ही पर्ची जारी करने पर कलेक्टर ने कहा कि जब पात्र पाये गये हैं तो सभी को पात्रता पर्ची जारी की जानी चाहिए।
कलेक्टर ने जिले में चल रहे घर-घर तिरंगा अभियान, एक पेड मां के नाम वृक्षारोपण और स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रमों के आयोजन की समीक्षा भी की।
किसानों को जैविक और मिलेट्स खेती की ओर प्रोत्साहित करें-कलेक्टर
किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की बैठक
कलेक्टर अनुराग वर्मा ने कहा कि किसान उत्पादक संगठन अपनी संस्थाओं से अधिक से अधिक किसानों को जोडे और उन्हें जैविक खेती तथा मोटे अनाज की खेती की ओर प्रोत्साहित करे। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न किसान उत्पादक संगठनों की बैठक में कलेक्टर ने एफपीओ के प्रतिनिधियों से संगठन की कार्य प्रणाली और अनुभव भी साझा किये। इस मौके पर सीईओ जनपद, उप संचालक कृषि मनोज कश्यप, उप संचालक पशु चिकित्सा डॉ. प्रमोद शर्मा, परियोजना संचालक राजेश तिवारी, एलडीएम गौतम शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र के एमएस नेगी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने कहा किसान उत्पादक संगठनों के माध्यम से किसानों को कृषि कार्यों और मार्गदर्शन में सुविधा मिले और उन्हें कृषि आदान सुविधापूर्वक समय पर मिले। तभी एफपीओ के गठन का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि एफपीओ खुद के बेयरहाउस बनाने अथवा किराये पर लेने के संबंध में भी विचार करें। ताकि किसानों के उत्पाद को सही समय पर बाजार ले जाने पर उन्हें अधिक और उचित उपज का मूल्य मिल सके। कलेक्टर ने कहा कि एफपीओ का गठन और रजिस्ट्रेशन कम्पनी के रूप में किया गया है। अतः सभी एफपीओ कम्पनी एक्ट के प्रावधानों का अवश्य पालन करें। कलेक्टर ने सभी विकासखण्डों के एफपीओ प्रतिनिधियों से अब तक की गई गतिविधियां और बिजनेस के बारे में चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एफपीओ किसानों की न्यूनतम संख्या के अनुसार नहीं बल्कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को एफपीओ से जोडे। तभी संगठन के गठन का उद्देश्य सार्थक होगा।
नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी आज सतना आयेंगी
प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी 13 अगस्त को प्रातः 6ः40 बजे रेवांचल एक्सप्रेस से सतना पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रमानुसार श्रीमती प्रतिमा बागरी प्रातः 10.30 बजे पुलिस परेड ग्राउण्ड सतना में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगी।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने की अपील
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिले के समस्त भूतपूर्व सैनिकों/भूतपूर्व सैनिकों के परिवारजनों को 13 अगस्त को प्रातः 9.45 बजे पुलिस परेड ग्राउण्ड सतना में जिला प्रशासन द्वारा तिरंगा यात्रा संचालित की जा रही है। जिसमें जिले के अधिक से अधिक संख्या में भूतपूर्व सैनिकों/भूतपूर्व सैनिकों के परिवारजनों को तिरंगा सहित शामिल होने की अपील की गई है। यह यात्रा पुलिस परेड ग्राउण्ड से आरंभ होकर सिविल लाइन चौपाटी तक की जायेगी। जिले के अधिक से अधिक भूतपूर्व सैनिक एवं उनके परिवार जन तिरंगा यात्रा में भाग लेकर आयोजन को सफल बनायें।