Wednesday , September 18 2024
Breaking News

Satna: जांबाज सपूतों की दृढ इच्छा शक्ति और बलिदान से मिली आजादी-राजेन्द्र शुक्ल


शहीद लाल पद्मधर सिंह पर रचित कृति का विमोचन समारोह


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के जांबाज सपूतो की दृढ इच्छा शक्ति और बलिदान से ही देश को आजादी मिली है। सन् 1942 की अगस्त क्रांति 1857 की क्रांति से कही अधिक मारक थी। जिसके फलस्वरूप अगस्त 1947 में हमें आजादी मिली और लोकतंत्र में जीने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि विंध्य के अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह को स्मरण करना और इन कार्यक्रमों में शामिल होना हर देशवासी के लिए गौरव की बात होती है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रविवार को सतना के टाउन हाल में आयोजित अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह पर रचित कृति के विमोचन समरोह को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री महाराज पुष्पराज सिंह रीवा ने की। इस अवसर पर सांसद गणेश सिंह, विधायक नागौद नागेंद्र सिंह, विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार, विधायक सतना सिद्धार्थ कुशवाहा, महापौर योगेश ताम्रकार, पूर्व विधायक प्रभाकर सिंह, एकेएस विवि के चेयर मैन अनंत सोनी, कृपालपुर के ब्रिगेडियर द्वय भूपेंद्र सिंह, देवेन्द्र सिंह सहित जिले के स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और कृपालपुर परिवार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल एवं अतिथियों ने जाखी के रमेश प्रताप सिंह द्वारा अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह पर रचित कृति (पुस्तक) का विमोचन किया। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अगस्त क्रांति 1942 में विंध्य के सपूत लाल पद्मधर सिंह ने राष्ट्रीय झण्डे और देश के अभिमान को झुकने नहीं दिया। उन्होंने अपने सीने में गोली खाकर स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देकर बलिदान कर दिया। उन्होंने अपने बलिदान से विंध्य की माटी को गौरवान्वित किया है। उनके योगदान और कृतित्व को आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा के लिए जीवंत रखना होगा। श्री शुक्ल ने कहा कि देश को स्वतंत्र हुए अभी 75 वर्ष ही हुए है। जबकि देश ने हजार वर्षों की गुलामी झेली है। वीर शहीदों का स्मरण ही नहीं इनकी पूजा की जानी चाहिए। इन्हीं के बलिदान से हम लोकतंत्र में और स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ रहा है। अर्थव्यवस्था के मामले में विश्व के पांचवे स्थान पर है। स्वतंत्रता के सौवे वर्ष में भारत अर्थव्यवस्था के पहले पायदान पर होगा और फिर से एक बार भारत देश सोने की चिडिया होने का नाम सार्थक करेगा।
सांसद गणेश सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में लाल पद्मधर सिंह का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी गौरव गाथा हमेशा सबकी जुबान पर रहेगी। सांसद ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के जीवन वृत्त और कृतित्व को संकलित कर साहित्य का रूप देना चाहिए ताकि आने वाली पीढी उनसे प्रेरणा ले। उन्होंने कहा प्रत्येक 14 अगस्त को लाल पद्मधर सिंह की जन्म स्थली कृपालपुर में पुण्य स्मरण का कार्यक्रम गरिमामय तरीके से मनाया जाता है। शासकीय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय सतना का नामकरण भी अमर शहीद के नाम किया गया है। इस महाविद्यालय को पीएम एक्सीलेंस कालेज भी बनाया गया है। सांसद ने कहा कि लाल पद्मधर सिंह पर रचित यह पुस्तक आने वाली पीढी को उनके बलिदान के बारे में जानकारी देकर प्रेरणा देगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व मंत्री एवं महाराज पुष्पराज सिंह ने कहा कि शहीदों से जुडे हुए किसी भी स्थल पर जाना चारों धाम की यात्रा की तरह होता है। विंध्य के सपूत लाल पद्मधर सिंह ने मात्र 27 वर्ष की आयु स्वतंत्रता संग्राम में प्राणों की आहुति देकर अपना जीवन धन्य किया है। यह हम सब के लिए गौरव और प्रेरणा की बात है। उन्होंने कहा कि युवा पीढी को स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के विचारों को आत्मसात करना चाहिए और लक्ष्य प्राप्ति के लिए फोकस साधकर आगे बढ़ना चाहिए। लाल पद्मधर सिंह ने अपना बलिदान देकर भारत को स्वतंत्रता की दहलीज पर लाकर खड़ा किया था।
विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार ने कहा कि राष्ट्र कवि मैथलीशरण गुप्त की ओजपूर्ण देशभक्ति की कविताओं के भाव थे लाल पद्मधर सिंह। उन्होंने कहा कि हर समय शहीदों के बलिदान का स्मरण करना जरूरी है। शहीदों की पूजा नहीं करने से आजादी बांझ हो जाती है। महापुरूषों और नायकों ने देश हित में सभी वर्गों और समुदाय, धर्म की आजादी के लिए संघर्ष किया है। विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि देश की आजादी के लिए पूर्वजों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान करने वाले सेनानियों के कृतित्व बताकर नई पीढ़ियों को जताना होगा कि यह आजादी बहुत कठिनाईयों से मिली है और लोकतंत्र चाहते है तो उसकी सुरक्षा करने का दायित्व भी हर देशवासी का है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अमर शहीद लाल पद्मधर सिंह के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया और श्रृद्धा सुमन अर्पित किये। कार्यक्रम का संचालन पूर्व प्राचार्य डॉ. सतेन्द्र शर्मा ने किया तथा बिग्रेडियर देवेन्द्र सिंह ने आभार व्यक्त किया।

About rishi pandit

Check Also

Satna: बारिश के कारण स्कूल और आंगनवाडी केन्द्र में अवकाश

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना जिले में मंगलवार को अत्यधिक वर्षा और 18 सितंबर को बारिश …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *