Sunday , April 28 2024
Breaking News

MP: प्रदेश में ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए होगा सर्वे

  1. मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ है
  2. कुछ जगहों पर फसल कट चुकी है तो काम चल रहा है
  3. सर्वे की निगरानी सभी मंत्री, सांसद और विधायक करेंगे

Madhya pradesh bhopal hailstorm in madhya pradesh survey will start for damage caused to crops due to hailstorm and excessive rain: digi desk/BHN/भोपाल/ मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए सर्वे कराया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं। कैबिनेट बैठक में भी इस पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की घड़ी में सरकार किसानों के साथ है। जो भी किसान, ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से प्रभावित हुआ है, उसका सर्वे गंभीरता के साथ किया जाए।

बैठक में बताया गया कि पिछले दो-तीन दिनों से प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में ओलावृष्टि और आतिवृष्टि से फसलों के प्रभावित होने की सूचनाएं मिल रही हैं। कुछ जगहों पर फसल कट चुकी है तो काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि फसलों को हुए नुकसान का आकलन करके तत्काल राहत राशि किसानों को उपलब्ध कराई जाए। सर्वे की निगरानी सभी मंत्री, सांसद और विधायक करें।

बुंदेलखंड के छतरपुर-टीकमगढ़ और ग्वालियर अंचल के शिवपुरी में गिरे ओले

मौसम परिवर्तन के बीच ही सोमवार की रात व मंगलवार सुबह ग्वालियर चंबल अंचल के शिवपुरी और बुंदेलखंड के टीकमगढ़ जिले में जोरदार बारिश हुई व हल्के ओले भी गिरे हैं। इससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। शिवपुरी में मंगलवार की सुबह तेज हवा के साथ पानी और ओलावृष्टि से खेतों में खड़ी फसल और कटी हुई फसल को नुकसान हुआ है। शिवपुरी, कोलारस, पोहरी, नरवर, करैरा आदि क्षेत्रों में कई गांवों में बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई।

कोलारस और रन्नौद क्षेत्र में खेतों में कटी रखी मसूर व सरसों की फसल में नुकसान हुआ है। वहीं खेतों में खड़ी चना, गेहूं, धनिया की फसल में नुकसान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने भी यलो अलर्ट जारी करते हुए आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। टीकमगढ़ के लिधौरा के बारी व जतारा के बम्होरीकलां में ओले गिरे। कई जगह खेतों के ऊपर ओलों की सफेद चादर सी बन गई। छतरपुर जिले महाराजपुर और चंदला क्षेत्र में बेर और मटर के आकार के ओले गिरे। जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है।

मालवा-निमाड़ : वर्षा व ओलावृष्टि से बर्बाद हो गई फसलें
बूंदाबांदी से शुरू हुई वर्षाने सोमवार देर रात अंचल में कई जगह ओलावृष्टि का रूप ले लिया। खेतों में बर्फ की चादर बिछ गई, चना जमीन पर गिर गया। मंगलवार सुबह से भी बादल छाए रहे। सोमवार रातभर में हुई करीब आधा इंच वर्षा ने पूरे जिले में फसलों को नुकसान पहुंचाया। ज्यादा नुकसान खंडवा, खरगोन, बड़वानी, शाजापुर जिले के कई गांवों में नुकसान हुआ है।

बुरहानपुर में करीब 16.2 मिमी वर्षा हुई। लगभग पूरे जिले में रातभर वर्षा का दौर चला। फसलों किसानों का कहना है कि खेतों में फसलें पक चुकी थी। कई किसानों ने गेहूं कटवाकर रखे थे, कई किसानों के खेतों में फसल पकने की कगार पर थी। चने की फसल भी आड़ी हो गई। तरबूज दागी हो गए हैं। ऐसे में 10 रुपये किलो में बिकने वाला तरबूज दो रुपये किलो में भी नहीं बिकेगा। गेहूं के दाने का कलर डाउन होने से अब इसके भाव नहीं मिलेंगे।

सतना-दमोह व पन्ना में ओलावृष्टि, अन्य जिलों में हुई वर्षा

महाकोशल-विंध्य के कई जिलों में मंगलवार को वर्षा हुई। सतना में तेज हवाओं के साथ वर्षा और ओलावृष्टि हुई। यहां ग्रामीण क्षेत्रों में चने के आकार के ओले गिरे हैं। बुंदेलखंड के दमोह में अनेक स्थानों पर वर्षा और ओले गिरने से फसलों को नुकसान हुआ है। अभाना, नोहटा, घटेरा, बनवार, कुम्हारी, पटेरा और तेंदूखेड़ा क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई है, जिससे चना और मसूर की फसल को नुकसान पहुंचा है। पन्ना जिले के रैपुरा में भी ओलावृष्टि हुई है। रीवा, अनूपपुर, शहडोल और डिंडौरी के शहपुरा और गोरखपुर क्षेत्र में भी वर्षा हुई है।

आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत
शहडोल जिले के सोहागपुर थानांतर्गत ग्राम बड़ी छतवई में मंगलवार की दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो बच्चों की मौत हो गई। मनीषा बैगा (9) पुत्री बब्बा बैगा और गनेश बैगा (7) पुत्र सम्हारु बैगा लकड़ी बीनने के लिए गए थे। उसी समय अचानक वर्षा हुई और तेज गरज के साथ महुआ के पेड़ के ऊपर बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।

About rishi pandit

Check Also

मायावती आज रविवार को मुरैना में संबोधित करेंगी चुनावी सभा

मुरैना  बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष और उत्तरप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती रविवार को मुरैना-श्योपुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *