नए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने संभाली कमान
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ नए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने मंगलवार को सतना पुलिस अधीक्षक की कमान संभाल ली है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से संवाद किया और बताया कि मेरी पहली प्राथमिकता पुलिस और जनता के बीच में दूरी कम करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस का डर जनता में नहीं होना चाहिए बल्कि पुलिस का डर अपराधियों में हो। उन्होंने बताया कि सतना में बेहतर पुलिस व्यवस्था बनाने के प्रयास किए जाएंगे। अपराधियों को पकड़ने के लिए नए प्लान के तहत उन्हें चिन्हित किया जाएगा और उसके बाद कार्रवाई की जाएगी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने अपराधियों को यह भी संदेश दिया कि अपराधी या तो जिला छोड़ दे या फिर अपराध करना छोड़ दें या जेल जाने तैयार रहें। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर रक्षा और ग्राम रक्षा समितियों को मिलाकर काम किया जाएगा। इसके बिना पुलिस का सूचना तंत्र फेल है। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता इसके पहले झाबुआ में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। सतना में पदस्थ रहे पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव का बीते शनिवार को खरगोन तबादला किया गया है उनकी जगह पर आशुतोष गुप्ता पदस्थ किए गए हैं।
अपर कलेक्टर राजेश शाही बने निगमायुक्त, संभाला पदभार
सतना में अपर कलेक्टर राजेश शाही को सतना का नगर निगम आयुक्त नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार देर शाम यह आदेश जारी किया जिसके बाद मंगलवार को राजेश शाही ने नगर निगम आयुक्त सतना और सीईओ स्मार्ट सिटी सतना का पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें निवर्तमान निगमायुक्त तन्वी हुड्डा ने पदभार सौंपा। वहीं सतना नगर निगम आयुक्त रही तन्वी हुड्डा का तबादला अपर आयुक्त वाणिज्य कर इंदौर किया गया है।