drink senetizer:digi desk/BHN/चेतक ब्रिज के पास बुधवार सुबह कारगिल झुग्गी बस्ती में रहने वाले देवर और भाभी की मौत हो गई। जबकि एक रिश्तेदार की हालत गंभीर है। पुलिस का कहना है कि रात में परिवार ने पार्टी के दौरान नशा करने के लिए सैनिटाइजर पी लिया था। इससे तीन लोगों की हालत बिगड़ गई थी, इनमें दो की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है। गोविंदपुरा थाने के एएसआइ रामसजीवन वर्मा के अनुसार कारगिल झुग्गी बस्ती में आदिवासी परिवार रहता है। मंगलवार रात पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें परिवार के अधिकांश लोग शामिल थे।
इसी दौरान 16 वर्षीय धमेंद्र आदिवासी उसकी भाभी अरुणा आदिवासी पति सल्लू (22) और एक रिश्तेदार ने सैनिटाइजर पी लिया। जिसके बाद वह कुछ देर तक तो ठीक थे लेकिन अचानक रात में उनकी तबीयत बिगड़ गई। धर्मेंद्र को जेपी अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत देखकर उसे हमीदिया अस्पताल रेफर किया। वहां उसे डाक्टरों ने जांच करने के बाद मृत घोषित कर दिया। बाद में उसकी भाभी अरुणा की हालत भी खराब हो गई, उसे भी जेपी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
वहीं एक अन्य रिश्तेदार का अभी इलाज चल रहा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सैनिटाइजर में अल्कोहल होने की जानकारी लगने पर इन्होंने इसी ही पी लिया, लेकिन इसमें देवर और भाभी की जान चली गई। लॉकडाउन के दौरान भी सैनिटाइजर पीने के मामले सामने आए थे, जिसमें लोगों की जान पर बन आई थी। दरअसल लोग सैनिटाइजर से आने वाली अल्कोहल की गंध से इसे पीने लायक समझ बैठे।