Saturday , October 31 2026
Breaking News

Satna: निर्वाचन आयोग के आंख और कान की भूमिका में रहेंगे माईक्रो आब्जर्वर

  • चुनाव प्रक्रिया पर रखेंगे पैनी नजर
  • प्रेक्षकों की उपस्थिति में हुआ माईक्रो आब्जर्वर का द्वितीय प्रशिक्षण


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 में चुनाव प्रक्रिया को साफ-सुथरी, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मंशा की निगरानी के इंतजाम और मजबूत करने जिले के कुछ संवेदनशील मतदान केंद्रों में 174 लघु चुनाव प्रेक्षक (माईक्रो आब्जर्वर) भी तैनात किये गये हैं। यह लघु प्रेक्षक भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रत्येक विधानसभा के सामान्य प्रेक्षक के सीधे नियंत्रण और निगरानी में काम करेंगे। विधानसभा निर्वाचन 2023 के अंतर्गत सतना और मैहर जिले की सातों विधानसभा क्षेत्र के लिये नियुक्त 174 माईक्रो आब्जर्वर और 23 रिजर्व माईक्रो आब्जर्वर्स का द्वितीय प्रशिक्षण सामान्य प्रेक्षकों की उपस्थिति में जिला पंचायत के सभागार में दो पालियों में संपन्न हुआ। इस मौके पर विधानसभा 61 चित्रकूट के सामान्य प्रेक्षक मानवेंद्र प्रताप सिंह, 62 रैगांव और 64 नागौद के प्रेक्षक राम केवल, 63 सतना के प्रेक्षक डॉ एम हरि जवाहर लाल, 65 मैहर की प्रेक्षक अंजना एम और विधानसभा क्षेत्र 66 अमरपाटन और 67 रामपुर बघेलान के प्रेक्षक रोहित जामवाल, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े, नोडल अधिकारी डॉ कीर्ति सिंह, मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफीसर्स उपस्थित थे।
माईक्रो आब्जर्वर के द्वितीय प्रशिक्षण में माईक्रो आब्जर्वर्स को उनके दायित्वों कार्य विधियों एवं मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रेक्षक मानवेंद्र सिंह ने कहा कि मतदान दलों की रवानगी से लेकर सामग्री वापसी तक माईक्रो आब्जर्वर की निगरानी की जिम्मेवारी होगी। उन्हें मतदान दलों की कार्यवाहियों का पयवेक्षण और गाइड करना है। किसी भी मामले में हस्तक्षेप नहीं करना है। उन्होने कहा कि मतदान केंद्र में चल रही नियमानुसार प्रक्रिया और गतिविधि के बारे में निर्धारित प्रपत्रों में अपनी रिपोर्ट सीधे प्रेक्षक को सौंपनी है। प्रेक्षक श्री सिंह ने कहा कि बिना किसी अधिकृत पास के कोई भी मतदान केंद्र के भीतर प्रवेश नहीं कर सकता है। अपने कर्तव्य के दौरान किसी भी व्यक्ति का सत्कार ग्रहण नहीं करें और मतदान केंद्र के गांव में अपरिचित और अजनबी के तरह जायें। प्रेक्षक राम केवल ने कहा कि माईक्रो आब्जर्वर मतदान दलों का एक भाग नहीं होंगे, बल्कि वह केवल प्रेक्षक के प्रति जवाबदेह होंगे। उन्होने कहा कि माईक्रो आब्जर्वर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार चल रही मतदान प्रक्रिया का आब्जर्वेशन करेंगे और अपनी रिर्पोट बनाकर प्रेक्षक को सौंपेंगे। मतदान दल द्वारा यदि कार्यवाही के दौरान अनजाने में कोई चूक हो रही है तो माईक्रो आब्जर्वर उसे गाइड कर सकेंगे। उन्होने कहा कि मतदान केंद्र में यदि कोई विशेष घटना होती है तो उसकी जानकारी मौखिक रुप से प्रेक्षक को दे सकेंगे।
प्रेक्षक रोहित जामवाल ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों की भूमिका निर्वाचन आयोग के आंख और कान के रुप में होती है। वही भूमिका माईक्रो आब्जर्वर की मतदान केंद्रों के लिये होगी। उन्होने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया का प्रेक्षण करने की महत्वपूर्ण भूमिका आप सबकी है। मतदान केंद्रों में एएमएफ की आवश्यक सुविधायें और प्रकाश व्यवस्थायें ठीक तरह से देख लें और मतदान के दिवस परिशिष्ट-1 में मतदान संपन्न होने के बाद अपनी रिपोर्ट प्रेक्षक को सौंपेंगे। उन्होने बताया कि सामग्री जमा स्थल पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सामान्य प्रेक्षक का काउंटर भी होगा। जहां पर केवल माईक्रो आब्जर्वर की रिपोर्ट जमा की जायेगी। प्रेक्षक डॉ एम हरि जवाहर लाल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में माईक्रो आब्जर्वर्स की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जिले के कुल 1950 मतदान केंद्रों में से 174 माईक्रो आब्जर्वर का चयन इस बात का द्योतक भी है। प्रेक्षक अंजना एम ने कहा कि मॉकपोल सर्टिफिकेट और मशीन को क्लियर करने की प्रक्रिया के दौरान माईक्रो आब्जर्वर सजग होकर पर्यवेक्षण करें। ताकि मतदान दलों से कोई चूक नहीं होने पाये। मतदान समाप्ति के बाद एजेंटों को पीठासीन अधिकारी द्वारा फॉर्म 17-सी भी दिया जाना आवश्यक है। प्रेक्षकों ने अपने मोबाईल नंबर माईक्रो आब्जर्वर को प्रदान करते हुये कहा कि विशेष परिस्थितियों में मतदान के दिन माईक्रो आब्जर्वर उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं।
सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े ने कहा कि मतदान दलों की रवानगी के समय सभी माईक्रो आब्जर्वर 16 नवंबर को प्रातः 7 बजे शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 सतना में उपस्थित होंगे और सतना, रैगांव और चित्रकूट विधानसभा के लिये नियुक्त माईक्रो आब्जर्वर का प्रवेश विद्यालय के सामने के गेट से होगा। जबकि शेष विधानसभा नागौद, मैहर, अमरपाटन और रामपुर बघेलान विधानसभा के लिये नियुक्त माईक्रो आब्जर्वर विद्यालय के पीछे के छोर से प्रवेश करेंगे। सभी माईक्रो आब्जर्वर्स के वाहनों की पार्किंग धवारी स्टेडियम में होगी। मास्टर ट्रेनर डॉ बीके गुप्ता ने चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न भाग, ईवीएम ऑपरेशन, माईक्रो आब्जर्वर्स के लिये चुनाव आयोग की गाइडलाईन और प्रेक्षकों को भेजी जाने वाली सूचनाओं के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया। विधानसभा निर्वाचन 2023 में चित्रकूट और नागौद विधानसभा में 24-24, अमरपाटन में 23, रामपुर बघेलान में 25, सतना में 22, रैगांव में 29 और मैहर विधानसभा में 27 मतदान केंद्रों में माईक्रो आब्जर्वर नियुक्त किये गये हैं।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *