सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना दीपावली के मेले पर चित्रकूट में दर्शनार्थियों के भीड़ के साथ गधों का ऐतिहासिक मेला भी सजा है। इस मेले में लाई गई कटरीना को तो खरीददार जल्दी मिल गए, लेकिन सलमान की ऊंची कीमत देने वाला कोई सामने नहीं आया। चित्रकूट नगर पंचायत क्षेत्र में इस बार भी ऐतिहासिक गधा मेला सजाया गया। जिसमें यूपी-एमपी, छत्तीसगढ़ और बिहार से अपने-अपने गधे-खच्चर लेकर व्यापारी पहुंचे जबकि तमाम ग्राहक भी आए। मेले में लाए गधों में से सलमान की कीमत उसके मालिक ने डेढ़ लाख रुपए रखी लेकिन उसे खरीददार नहीं मिल पाए। हालांकि सलमान की बोली 1 लाख 10 हजार रुपए तक पहुंच गई। उधर, कटरीना सिर्फ 41 हजार की कीमत पर बिक गई। उसे मेरठ के निशमुद्दीन ने खरीदा। निशमुद्दीन कटरीना को अपने साथ माल वाहक वाहन से लेकर मेरठ रवाना हो गए।औरंगजेब के जमाने से लगा रहा मेला
स्थानीय जानकारों की माने तो इस मेले को पशु बाजार के नाम से यहां औरंगजेब के जमाने से लगाया जा रहा है। इसमे गधे-खच्चर और खच्चरी लाए जाते हैं। इस बार लगभग 2 हजार गधे, खच्चर और खच्चरियां मेले में लाए गए हैं। कई स्थानों पर इनका उपयोग भवन निर्माण सामग्री के अलावा अन्य सामान की ढुलाई के लिए किया जाता है। हालांकि मशीनरी के दौर में इनकी उपयोगिता में कमी आई है फिर भी पुरानी बसाहट वाले शहरों-कस्बों में ये अभी भी बेहद उपयोगी हैं। मेले में कद- काठी और नस्ल देख कर ग्राहक उनके दाम लगाता है।
फिल्म स्टार्स के नाम पर रखते हैं नाम
अपने पशुओं की पहचान के लिए मालिक उनका नाम फिल्म स्टार्स के नाम पर रखते हैं। मेला स्थल पर व्यवस्था प्रशासन की तरफ से कराई जाती है। यह मेला काफी पुराना है। इसी स्थान पर एक मंदिर भी बना हुआ है, जिसे औरंगजेब मंदिर के नाम से पहचाना जाता है। इस दौरान एसडीएम मझगवां जितेंद्र वर्मा भी व्यवस्थाएं देखने मेला स्थल पर पहुंचे।
Bhaskar Hindi News