Saturday , October 31 2026
Breaking News

Satna: 17 नवंबर के मतदान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लें- जिला निर्वाचन अधिकारी


जिले के मतदाताओं से अपील


सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये निर्धारित दिनांक 17 नवंबर को जिले के मतदाताओं से मतदान में बढ़-चढ़ हिस्सेदारी निभाने की अपील की है। उन्होने जिले के सभी लोंगो को दीपावली पर्व की शुभकामनायें देते हुये कहा कि जिस प्रकार हम सभी त्यौहारों को उत्साह के साथ मनाते हैं। ठीक उसी प्रकार लोकतंत्र के त्यौहार में विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये जिले के सभी मतदाता 17 नवंबर को अपने घर से निकलकर प्राथमिकता से मतदान करें। उन्होने कहा कि मतदान शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं। मतदाता स्वयं मतदान करने के साथ अन्य मतदाताओं को भी मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित करें। सभी मतदाता निर्भय होकर तथा दबाव मुक्त होकर निष्पक्षता से मतदान करें। इसके साथ ही दीपावली पर्व सावधानी के साथ मनायें।

प्रेक्षक मानवेंद्र सिंह ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
भारत निवार्चन आयोग द्वारा जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 61 चित्रकूट के लिए नियुक्त सामान्य प्रेक्षक मानवेंद्र सिंह ने शनिवार को विधानसभा अंतर्गत रईया, बल्हा, नयागांव, बांधी, मचखड़ा, बडखेरा, रेऊहान, सहित सभापुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौजूद अधिकारियों से कहा कि विधानसभा निर्वाचन स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरुप कार्यवाहियां संपादित करें। प्रेक्षक श्री सिंह ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में विधानसभा चुनाव की कार्यवाहियां शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारियों से भी चर्चा की। साथ ही मतदाताओं से चर्चा कर क्षेत्र की वस्तुस्थिति से भी अवगत हुये। इस अवसर पर लायजनिंग अभिषेक बिहारी गौंड़ सहित पुलिस विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पथ विक्रेताओं को मतदान करने के लिये किया गया जागरुक


जिले के विधानसभा क्षेत्रों में स्वीप गतिविधियों के तहत कार्यक्रम आयोजित कर मतदाताओं को 17 नवंबर को होने वाले चुनाव में मतदान करने के लिये प्रेरित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार को सतना शहर अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के स्वयंसेवकों ने दीपावली त्यौहार की सामग्री विक्रय करने वाले पथ विक्रेताओं को मतदान करने के लिये प्रेरित किया गया। इसके साथ ही अलग-अलग महाविद्यालयों के एनएसएस के स्वयंसेवकों द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर जनसंपर्क करते हुये विभिन्न माध्यमों से जिले के मतदाताओं से मतदान करनें की अपील की गई। विधानसभा निर्वाचन 2023 में जिले के मतदाताओं को लोकतंत्र को मजबूत करने एवं वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से स्वीप गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। जिसमें शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा सोशल मीडिया इनफ्लूएंसर, कैंपस एबेंसडर, पार्टनर विभाग, गैर-सरकारी संस्थाओं के साथ-साथ विद्यालयीन और महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं द्वारा सहयोग किया जा रहा है।

दीपावली पर्व पर बंद रहेगा व्हाइट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुंदपुर

संचालक महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाईट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुन्दपुर ने बताया कि 12 नवंबर को दीपावली पर्व का अवकाश है। अवकाश के कारण महाराजा मार्तण्ड सिंह जूदेव व्हाइट टाइगर सफारी एण्ड जू मुकुन्दपुर पर्यटकों के भ्रमण हेतु पूर्णतः बन्द रहेगा। 13 नवंबर से पूर्व निर्धारित समयानुसार मुकुंदपुर जू पर्यटकों के लिये खुला रहेगा।

विधानसभा चुनाव – वोटर की शंकाओं का समाधान है वीवीपैट मशीन

विधानसभा चुनाव 2023 में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के साथ-साथ वीवीपैट मशीन का भी उपयोग किया जायेगा। वीवीपैट मशीन के जरिये वोटर जान सकेगा कि उसने जिस उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह का बटन दबाया है, वह उसी के खाते दर्ज हुआ है या नहीं। वोटर के मन में कोई शंका नहीं रहेगी। जैसे ही वोटर अपना वोट बटन दबाकर देगा, वीवीपैट मशीन की विंडो पर यह दिखाई पड़ेगा कि उसका मत किस चुनाव चिन्ह पर दर्ज हुआ है। वीवीपेट एक स्वतंत्र इकाई वीवीपैट मशीन का फुल फार्म वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल है। यह एक स्वतंत्र इकाई है, जो कि ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) से जुड़ी रहेगी। जैसे ही वोटर अपना वोट कास्ट करेगा वह पारदर्शी विंडो जो कि वीवीपैट मशीन में लगी है, उससे वह सात सेकंड तक देख सकेगा कि उसने किस अभ्यर्थी, किस चुनाव चिन्ह व किस क्रम में अपना मत दिया है। सात सेकंड के बाद यह स्लिप कटकर मशीन के एक सीलबंद ड्राप बॉक्स में गिर जाएगी।
वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) एक स्वतंत्र प्रिंटर प्रणाली है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से जोड़ा जाता है और इससे मतदाताओं को अपना मतदान बिल्कुल सही होने की पुष्टि करने में मदद मिलती है। मतदाताओं का भरोसा बढ़ाने के लिये ईवीएम को वीवीपैट से जोड़ा गया है। ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का निर्माण सार्वजनिक क्षेत्र के सिर्फ दो प्रतिष्ठित संस्थानों ईसीआईएल (इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इण्डिया लिमिटेड) और बीईएल (भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) में एक स्वतंत्र तकनीकी विशेषज्ञ समिति के तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख और निर्वाचन आयोग के निरीक्षण में कराया जाता है, ताकि इसके साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जा सके।

दीवाली पर आतिशबाजी बिजली लाइनों से दूर की जाएं

मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं, आम लोगों से दीपोत्सव के दौरान बिजली लाइनों, बिजली उपकरणों, बिजली संसाधनों से आतिशबाजी दूर करने की अपील की है। कंपनी ने कहा कि बिजली तार, केबल, ट्रांसफार्मर आदि के पास या लाइनों के नीचे पटाखे चलाने से हादसा हो सकता है, केबल पिघल सकती है, तार टूट सकते या अन्य परेशानी निर्मित हो सकती है।कंपनी ने कहा कि उपभोक्ता, आमजन लाइनों, ट्रांसफार्मरों, ग्रिड, केबल से पर्याप्त दूरी पर ही पटाखे चलाए। लाइनों के नीचे विशेषकर अनार, रॉकेट आदि चलाने से बचा जाए। यह आमजन और बिजली संसाधनों की सुरक्षा के लिए बहुत जरूरी है। बिजली कंपनी की ओर से दीपोत्सव के दौरान अस्थाई विक्रेताओं से भी वैध कनेक्शन लेकर कारोबार करने की अपी लभी की गई है।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *