Saturday , October 31 2026
Breaking News

Satna: जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया सी-विजिल, एमसीएमसी, मतदान सामग्री प्रकोष्ठ का आकस्मिक निरीक्षण


सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के लिए कलेक्ट्रेट भवन में स्थापित 24 घंटे कार्यरत एमसीएमसी प्रकोष्ठ, सी-विजिल, डीसीसी और शिकायत शाखा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सी-विजिल, डीसीसी, शिकायत शाखा में प्राप्त प्रकरणों और उनके निराकरण के संबंध में जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वर्मा ने एमसीएमसी और मीडिया प्रकोष्ठ के निरीक्षण के दौरान प्रमाणन, प्रिंट और मीडिया में अभ्यर्थियों के खर्च का संधारण एवं संदिग्ध पेड न्यूज के संबंध में जानकारी ली। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान शिफ्ट ड्यूटी में दो कर्मचारियों के निर्धारित सीट पर उपस्थित नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यय अनुवीक्षण सेल और वीवीटी सेल का निरीक्षण किया।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बाद में मतदान सामग्री प्रकोष्ठ का निरीक्षण कर सातों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रवार, मतदान दलों को दी जाने वाली प्रपत्र और सामग्री के थैले तैयार करने के कार्य का अवलोकन किया। कलेक्टर ने आवश्यक प्रपत्रों के अलावा थैले में रखकर मतदान दलों को दी जाने वाली एक-एक सामग्री का समक्ष में चेक लिस्ट के अनुसार मिलान किया। नोडल अधिकारी मतदान सामग्री प्रकोष्ठ डिप्टी कलेक्टर गोविंद सोनी ने बताया कि विधानसभा चुनाव में निर्वाचन आयोग द्वारा पीठासीन अधिकारी और मतदान दलों को दी जाने वाली निर्धारित सामग्री मतदान केंद्रवार थैलों में लगाई जा रही है। जिनमें फार्मों का सेट, लीपैड में 34 प्रकार के प्रपत्र, लिफाफों के तीन सेट, अपरिनियत लिफाफे का चौथा पैकेट, पांचवा पैकेट, अन्य सामग्री रखने का छठवां पैकेट लिफाफा, वोटिंग कंपार्टमेंट, मतदाता पर्ची, 26 प्रकार की लेखन एवं सहायक सामग्री, कपड़े की थैली और पीतल की सील के साथ तीन प्रकार की रबर सील भी दी जाएगी।

डाक मतपत्र से सुविधा केंद्रों में मतदान का सिलसिला जारी, कलेक्टर ने किया सुविधा केंद्र का निरीक्षण

सतना जिला मुख्यालय पर मतदान दलों के प्रशिक्षण के साथ ही डाक मतपत्र के माध्यम से सुविधा केंद्रों पर मतदान सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने गुरुवार को मतदान दलों द्वारा प्रशिक्षण स्थल पर ही बनाये गये सुविधा केंद्र शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक 1 सतना में किये जा रहे मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ परीक्षित झाड़े, कार्यपालन यंत्री अश्वनी जायसवाल भी साथ रहे। विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिये मतदान दल में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्रशिक्षण स्थल शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक 1 सतना, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक 2 सतना, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्या धवारी तथा शासकीय इंदिरा गांधी कन्या महाविद्यालय सतना में बनाये गये सुविधा केंद्र में 10 नवंबर तक डाक मतपत्र से मतदान करेंगे।

मैहर की सामान्य प्रेक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण

विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिए विधानसभा क्षेत्र मैहर की सामान्य प्रेक्षक श्रीमती अंजना एम ने गुरुवार को मैहर के विभिन्न एवं सुदूर मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासकीय विद्यालय झुकेही, सभागंज, पकरिया, लेदरी, घुनवारा, इटहरा सहित अन्य मतदान केंद्रों की पोलिंग बूथ में आयोग के मानकों के अनुसार की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होने मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिये सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं जैसे पेयजल, दिव्यांग मतदाताओं के लिये रैम्प, विद्युत व्यवस्था सहित बुनियादी व्यवस्थाएं देखी। मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते हुये उन्होने अधिकारियों से कहा कि मतदान दिवस के पूर्व तक मतदान केंद्रों के लिये आवश्यक व्यवस्था पूर्ण कर लें। आवागमन के मार्ग क्लियर रहें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर इसकी जानकारी अपने अधिकारी को दें। मतदान दिवस के दिन किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। इस दौरान लायजनिंग आत्मप्रकाश चतुर्वेदी एवं मतदान केंद्रों के बीएलओ उपस्थित रहे।

About rishi pandit

Check Also

Satna: 8 से 10 दिसंबर तक संचालित होगा पल्स पोलियो अभियान

पल्स पोलियो जिला टास्क फोर्स की बैठक सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में 8 से 10 …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *