
सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 5 राज्यों में विधानसभा आम निर्वाचन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इनमें मध्यप्रदेश की 230 विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन का कार्यक्रम भी शामिल है। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के तुरंत बाद से पूरे प्रदेश में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस आशय की जानकारी सोमवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस में दी। इस मौके पर कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मैहर सुधीर अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े एवं रिटर्निंग ऑफीसर नीरज खरे, आरती यादव, एसके गुप्ता सहित अधिकारीगण उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के जारी कार्यक्रमानुसार 21 अक्टूबर को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र प्राप्त करने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर होगी और 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। अभ्यर्थिता से नाम वापसी 2 नवंबर को अपरान्ह 3 बजे तक की जा सकेगी। सतना जिले की 5 विधानसभा सतना, नागौद, रैगांव, रामपुर बघेलान, चित्रकूट और मैहर जिले की 2 विधानसभा क्षेत्र मैहर और अमरपाटन में मतदान 17 नवंबर को होगा और मतगणना 3 दिसंबर 2023 को की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1950 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। उन्होने बताया कि संपत्ति विरुपण अधिनियम के तहत 24 घंटे के भीतर शासकीय कार्यालय और परिसर तथा 48 घंटे के भीतर सार्वजनिक स्थल और सार्वजनिक महत्व की सरकारी संपत्तियों से संपत्ति विरुपण हटाने की कार्यवाही की जा रही है। इसी प्रकार बिना अनुमति निजी संपत्तियों पर प्रचार-प्रसार की संपत्ति विरुपण की सामग्रियां हटा दी जायेंगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सर्किट हाउस, रेस्ट हाउस सहित शासकीय परिसरों में किसी भी प्रकार की राजनैतिक गतिविधियां नहीं की जा सकेंगी।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराने की आवश्यक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देश और आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन करते पाये जाने पर चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरुप सख्त कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि आदर्श आचरण संहिता के पालन में सभी राजनैतिक दल और अभ्यर्थी पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें।
आदर्श आचरण संहिता का पालन सुनिश्चित किया जाये, जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन 2023 का कार्यक्रम घोषित हो जाने के साथ ही सतना एवं मैहर जिला अंतर्गत आने वाले विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचरण संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को संपन्न जिला स्तरीय स्टैडिंग कमेटी की बैठक में निर्वाचन कार्यक्रम, निर्वाचन प्रक्रिया एवं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुये सतना जिले के समस्त राजनैतिक दल, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को जारी आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है। इस मौके पर कलेक्टर मैहर रानी बाटड, पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मैहर सुधीर अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषि पवार, सीईओ जिला पंचायत डॉ परीक्षित झाड़े एवं रिटर्निंग ऑफीसर नीरज खरे, आरती यादव, एसके गुप्ता तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुराग वर्मा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा आम निर्वाचन 2023 के घोषित कार्यक्रमानुसार 21 अक्टूबर 2023 को चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही नामांकन पत्र प्राप्त करने का कार्य प्रारंभ हो जाएगा। नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर होगी और 31 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। नाम वापसी 2 नवंबर तक की जा सकेगी। मतदान 17 नवंबर को होगा और मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभी सात विधानसभा क्षेत्र में कुल 1950 मतदान केंद्र हैं। विधानसभा चुनाव में 16 लाख 91 हजार 204 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। इनमें 8 लाख 83 हजार 119 पुरुष और 8 लाख 4 हजार 452 महिला मतदाता, 9 अन्य तथा 3624 सर्विस मतदाता शामिल हैं। जिले में पीडब्ल्यूडी मतदाता की संख्या 17 हजार 964 और 80 प्लस वर्षीय मतदाताओं की संख्या 22 हजार 927 है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सतना जिले में 10 अंर्तराज्यीय नाके स्थापित किये जायेंगे। उन्होने कहा कि निर्वाचन की अनुमति के संबंध में सुविधा पोर्टल से आवेदन किये जा सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया एक पारदर्शी प्रक्रिया है। इसलिये भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधि सम्यक चुनाव संपन्न कराने के लिये जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भली-भांति अवगत रहें और यथा-स्वरूप निर्देशों को निचले स्तर तक पहुंचाकर पालन सुनिश्चित करायें। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन के संबंध में सी-विजिल एप लांच किया गया है। जिस पर शिकायत दर्ज होते ही 100 मिनट के भीतर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इसके अलावा सूचना संकलन के स्त्रोत और मुखबिरों से जानकारी प्राप्त होने पर तत्काल कार्यवाही की जायेगी। वाहनों में नेम प्लेट, राजनैतिक चिन्ह, हूटर प्रतिबंधित रहेंगे। इस मौके पर जिला स्तरीय स्टैडिंग कमेटी के सदस्य, राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि दिलीप मिश्रा, रमाकांत गौतम, शाबिर खान भी उपस्थित थे।
Bhaskar Hindi News