सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ भारतीय चिकित्सा पद्धति एवं राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश के शासकीय स्वशासी और निजी आयुर्वेद, होम्योपैथी और यूनानी महाविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिये प्रवेश की कार्यवाही एमपी ऑनलाइन के माध्यम से कराई जायेगी। इसके लिये संचालनालय आयुष ने प्रथम चरण का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया है।
इसके लिये पंजीयन 11 से 16 अक्टूबर तक हो सकेगा। अभिलेख का सत्यापन 11 से 17 अक्टूबर प्रातः 10 से शाम 6 बजे तक होगा। रिक्त सीटों की स्थिति का प्रदर्शन 18 अक्टूबर को और इसके बाद मेरिट सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर को किया जायेगा। अभ्यर्थी महाविद्यालयों की प्राथमिकता क्रम का निर्धारण (च्वाइस फिलिंग, लॉकिंग तथा एडिट) 20 से 24 अक्टूबर तक कर सकेंगे। सीट आवंटन की कार्यवाही 31 अक्टूबर को शाम 4 बजे होगी। महाविद्यालय में अस्थाई प्रवेश प्राप्त करने की तिथि एक से 4 नवम्बर तक प्रातः 10 से शाम 7 बजे तक हो सकेगी। प्रवेश निरस्तीकरण कार्य एक से 5 नवम्बर शाम 6 बजे तक होगा। इस संबंध में नियम और निर्देश विभागीय वेबसाइटwww.ayush.mp.gov.in एवं एमपी ऑनलाइन पोर्टल पर सतत रूप से किये जा सकते हैं।
शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के दैनिक भत्ते एवं गणवेश राशि में वृद्धि के निर्देश
विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं के दैनिक भत्ते एवं गणवेश राशि में वृद्धि के निर्देश दिए है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। दरअसल क्रीड़ा अंशदान से आयोजित होने वाली शालेय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं के दैनिक भत्ते एवं गणवेश राशि में यह वृद्धि दर लागू होगी। इन प्रतियोगिता में जो छात्र छात्राएं शामिल होंगे, उन्हें इसी सत्र से बढ़ा हुआ दैनिक भत्ता एवं गणवेश राशि मिलेगी।
क्रीड़ा अंशदान राशि से आयोजित होने वाली जिला एवं संभाग स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले छात्र छात्राओं के लिए दैनिक भत्ता राशि 90 रुपए से बढ़ाकर 135 रुपए एवं गणवेश राशि 450 रुपए से बढ़ाकर 675 रुपए की गई है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए दैनिक भत्ता राशि 100 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए एवं गणवेश राशि 500 रुपए से बढ़ाकर 750 रुपए की गई है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए दैनिक भत्ता राशि 150 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए एवं गणवेश के लिए 1200 रुपए से बढ़ाकर 1800 रुपए की गई है।
Bhaskar Hindi News