सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले में विधानसभा स्तर पर ईव्हीएम का प्रदर्शन किया जा रहा है। रविवार को जिले की 7 विधानसभा क्षेत्रों में 98 लोगों ने मॉकपोल किया गया। जिसमें सतना के संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन में 8, रैगांव के तहसील कार्यालय कोठी में 10, तहसील मझगवां कार्यालय में 16, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय नागौद में 10, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय मैहर सभाकक्ष में 28, अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय अमरपाटन 13 एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय रामपुर बघेलान में 13 सहित कुल 98 लोगों ने मॉकपोल किया।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों की मासिक बैठक आज
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी द्वारा बताया गया कि भूतपूर्व सैनिकों/विधवाओं/आश्रितों को कल्याणार्थ जानकारी देने के लिए 9 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे से कार्यालय परिसर में सम्मेलन किया जायेगा। सम्मेलन में सभी भूतपूर्व सैनिकों/विधवाओं/आश्रितों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जायेगा।
शहीद वनकर्मियों के आश्रितों को अनुग्रह राशि 25 लाख मिलेगी
राज्य शासन के आदेश अनुसार वन सुरक्षा के दौरान शहीद वनकर्मियों के आश्रितों को 25 लाख रूपये अनुग्रह सहायता राशि स्वीकृत करने के आदेश अपर सचिव मध्यप्रदेश शासन, वन विभाग द्वारा 6 अक्टूबर 2023 को जारी किये गये। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा पूर्व में शहीद वनकर्मियों के आश्रितों को 10 लाख रूपये अनुग्रह सहायता राशि दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर 25 लाख रूपये कर दिया गया है।
पंजीयन 15 अक्टूबर तक
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में समर्थन मूल्य पर धान, ज्वार एवं बाजरा के लिए किसान पंजीयन अवधि 15 अक्टूबर निर्धारित की गई है। धान, ज्वार एवं बाजरा उत्पादक किसान, समर्थन मूल्य योजना का लाभ लेने के लिए अपना पंजीयन 15 अक्टूबर तक करा सकते है।
Bhaskar Hindi News