Tuesday , September 17 2024
Breaking News

मुख्त्यारगंज फाटक के रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का भूमिपूजन सम्पन्न

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना शहर के स्वामी चौक मुख्त्यारगंज से पयासी गैस एजेंसी सिविल लाइन तक रेल्वे फाटक पर बनने वाले रेल्वे ओवर ब्रिज निर्माण का भूमिपूजन शुक्रवार को सांसद गणेश सिंह के मुख्यातिथ्य में सम्पन्न हुआ। सतना शहर के बहु प्रतीक्षित रेल्वे ओवर ब्रिज मुख्त्यारगंज का निर्माण लोक निर्माण सेतु संभाग रीवा द्वारा किया जा रहा है। मुख्त्यारगंज लेवल क्रॉसिंग क्रमांक 387 इटारसी मानिकपुर रेल लाइन पर 643.100 मीटर लंबाई का आरओवी एवं 218 मीटर दोनों तरफ मिलाकर पहुंच मार्ग निर्मित हो जाने से शहर वासियों को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी।
       रेल्वे ओवर ब्रिज के शिलान्यास अवसर पर सांसद श्री सिंह ने कहा कि आज जिले में दो ब्रिजों का भूमि पूजन किया गया। जिसमें भदनपुर मैहर मार्ग में लेवल क्रॉसिंग 375 कटनी, मानिकपुर, इटारसी रेल लाइन में बनने वाला रेल्वे ओवर ब्रिज सतना का स्वामी चौक मुख्त्यारगंज से पयासी गैस एजेंसी सिविल लाइन तक रेल्वे फाटक पर बनने वाले रेल्वे ओवर ब्रिज शामिल है। इस अवसर पर सतना रेल्वे ओवर ब्रिज के शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सांसद श्री सिंह ने कहा कि जिले को विशेष उपलब्धि मिली है। इस ब्रिज के बन जाने से आवागमन सुव्यवस्थित हो जायेगा। उन्होंने कहा कि शहर का विकास हो रहा है। शहर के विकास में सभी अपनी सहभागिता निभायें। विकास कार्यों से परेशानी तो होती ही है, परन्तु उसका भविष्य अच्छा होता है। शहर एवं जिले को सुन्दर बनाने में सभी रचनात्मक सहयोग करें। विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु बैठकर विचार करें और उसके निराकरण करने में सभी प्रयास करें। जिससे शहर एवं जिले का चहुमुखी विकास हो। उन्होंने बताया कि जिले में बरगी बांध का पानी लाया जा रहा है। जो वर्ष 2024 तक जिले में आ जायेगा। यह कार्य सभी के प्रयासों का परिणाम है। अब जिले में सड़क, बिजली, पानी की समस्या दूर हो रही है।
     इस मौके पर विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने कहा कि रेल्वे ब्रिज शहर की आवश्यकता थी। जो अब पूर्ण होने जा रही है। शहर में सड़कों के निर्माण का विस्तार हुआ है। विकास के साथ पर्यावरण को बनाये रखने हेतु पेड़ नहीं काटे जाये ऐसे प्रयास करे। नगर निगम महापौर योगेश ताम्रकार ने कहा कि सतना में विकास का कार्य तेजी से चल रहे है। शहर को सुन्दर एवं सुव्यवस्थित बनाने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। कार्यपालन यंत्री सेतु संभाग श्री वसीम खान ने बताया कि रेल्वे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए 32 करोड़ 31 लाख 87 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। निविदाकार मेसर्स नित्यांता इंफ्रा प्रोजेक्टस प्राइवेट लिमिटेड सतना द्वारा वर्षाकाल सहित 24 महीने की अवधि में वर्ष 2025 तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। संविदाकार संजय शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त किये आभार प्रदर्शन वार्ड पार्षद अमित अवस्थी द्वारा किया गया तथा संचालन विवेक अग्रवाल ने किया। इस मौके पर पूर्व महापौर ममता पाण्डेय, चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा, पूर्व नगर निगम अध्यक्ष सुधाकर चतुर्वेदी, जनपद उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, नरेन्द्र त्रिपाठी, कमलाकर चतुर्वेदी, रामदास मिश्रा, अशोक गुप्ता, दिनेश दुबे, रामऔतार त्रिपाठी, अरूणेष श्रीवास्तव, गणमान्य नागरिक जनप्रतिनिधि सहित आमजन उपस्थित थे।  

About rishi pandit

Check Also

Satna: एम.पी. ट्रांस्को की वेबसाइट में पेंशनर्स के लिये डिजीटल लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा प्रारंभ

सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ एम.पी. ट्रांस्को (मध्य प्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी) ने अपने वित्तीय प्रक्रियाओं में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *