सतना,भास्कर हिंदी न्यूज़/ विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही प्रदेश के प्रमुख दो दलों के नेताओं की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है उसी क्रम में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने भी सतना पहुंच कर भाजपा कार्यकर्ताओ में जोश भरा। मैहर में देवी दर्शन कर सतना पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने स्थानीय टाउन हॉल में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में शिरकत की। नए-पुराने भाजपाई चेहरों के बीच केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने चुनावी लिहाज से कार्यकर्ताओं से कमर कसने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की शक्ति का महत्व समझाते हुए कहा कि शक्ति संख्या में नहीं बल्कि विश्वास में होती है। इसलिए हम सब को सबसे पहले विश्वास करना और जीतना होगा। परिणाम तभी प्रतिकूल होते हैं जब विश्वास में कमी आती है। विश्वास की संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है।
कुछ गलतियां हुईं, उन्हीं गलतियों ने कांग्रेस को अवसर दिया
उन्होंने सतना विधानसभा सीट पर पिछले चुनाव में भाजपा की पराजय का जिक्र करते हुए कहा कि हमारी संख्या भले आज ज्यादा है। लेकिन पिछली बार परिणाम हमारे प्रतिकूल आए। हमसे कहीं न कहीं पिछली बार कुछ गलतियां हुई हैं। उन्हीं गलतियों ने कांग्रेस को अवसर दे दिया। हमे यह सोचना-समझना होगा कि वो गलती कब-कहां और कैसे हुई। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उसकी पुनरावृत्ति न होने पाए।उन्होंने भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सबका साथ सबका विकास के ध्येय वाक्य के साथ जनता की सेवा के लिए भाजपा के विजय रथ को आगे बढ़ाने के लिए प्राण प्रण से जुट जाएं। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और भाजपा की विजय हर कार्यकर्ता की विजय होती है।
सम्मेलन में यह रहे उपस्थित
सम्मेलन में भाजपा जिलाध्यक्ष सतीश शर्मा, मेयर योगेश ताम्रकार,स्पीकर राजेश चतुर्वेदी पालन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गगनेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी, डीसीसीबी के पूर्व चेयरमैन पंडित कमलाकर चतुर्वेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, अंजू सिंह बघेल, पूर्व मेयर विमला पांडेय, ममता पांडेय, चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा, विजय तिवारी,ऋषभ सिंह, विवेक अग्रवाल, विनोद तिवारी, प्रह्लाद कुशवाहा, कामता पांडेय, मंडल अध्यक्ष संजय तीर्थवानी, पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष रत्नाकर चतुर्वेदी शिवा, सीमा यादव, बालेन्द्र गौतम, अभिनव त्रिपाठी, मनसुख पटेल आदि उपस्थित रहे।
Bhaskar Hindi News