शहडाेल,भास्कर हिंदी न्यूज़/ जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के शहडोल रीवा मार्ग पर दो मोटरसाइकिल की भिड़ंत से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो व्यक्ति घायल हैं। घटना सेमरा गांव के समीप मंगलवार शाम घटी। जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम 5 बजे 45 वर्षीय रामचंद्र तिवारी निवासी जैसिंहगनर अपनी भतीजी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर जा रहे थे। दोनों सेमरा के पास पहुंचे ही थे कि तभी रास्ते में सामने से आ रही मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई, जिसमें रामचंद्र तिवारी को गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई है। वहीं साथ में बैठी 17 वर्षीय भतीजी गंभीर रूप से घायल हुई है। पुलिस के अनुसार जिस मोटरसाइकिल से टक्कर हुई थी, उसमें जो युवक सवार था वह भी गंभीर रूप से घायल हैं। दुर्घटना को देख आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़े सभी को बचाने का प्रयास किया। दुर्घटनास्थल से सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है, इसलिए इनके नाम भी नहीं मिल पाए हैं। वहीं पूरे मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
उमरिया बड़खेरा का रहने वाला है मृतक
पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी लगते ही सहायक उपनिरीक्षक विपिन बागरी, प्रधान आरक्षक राघवेंद्र सिंह, रामकृष्ण सोनवानी, दयाराम दुबे मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। वहीं जांच के दौरान मृतक की पचान की गई जिसके बाद मृतक को अपने हवाले कर स्वजनों को सूचना दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक मूल रुप से उमरिया बड़खेरा का रहने वाला है। वर्तमान में जयसिंहनगर में रहता था और वहीं जा रहा था कि रास्ते में दुर्घटना हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
Bhaskar Hindi News