
उमरिया, भास्कर हिंदी न्यूज़/ वन परिक्षेत्र ताला अंतर्गत एक डिप्टी रेंजर पर बाघ ने हमला कर दिया है। इस हमले में डिप्टी रेंजर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना के दौरान डिप्टी रेंजर जितेंद्र सिंह परिहार के अलावा आसपास कुछ अन्य लोग भी थे जिससे जान बच गई। जितेंद्र ताला रेंज के रोहड़ी बीट में सेवारत हैं।
इस तरह हुई घटना
बताया गया है कि डिप्टी रेंजर गश्त पर थे। इसी दौरान झाड़ियों में छुप कर बैठे बाघ ने अचानक सामने आकर उन पर हमला कर दिया। इससे वह बुरी तरह से घबरा गए और जमीन पर गिर गए। उनके जमीन पर गिरते ही बाघ ने उनके पैर को अपने जबड़े में भर लिया और उन्हें खींचने की कोशिश करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचा कर बाघ को भगा दिया। बाघ के चले जाने के बाद घायल डिप्टी रेंजर को वहां से उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और बाद में घटना की सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके बाद घायल डिप्टी रेंजर को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
पहुंचाया गया अस्पताल
घटना के बाद पार्क अमले ने पीड़ित को इलाज के लिए जिला असप्ताल लाया है,जहां आपातकाल में शासकीय चिकित्सक उनका इलाज कर रहे हैं।
Bhaskar Hindi News