सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ प्रवासी भारतीय सम्मेलन में पधारीं मॉरीशस की ख्यातनाम शिक्षाविद रचना हृदय अपने एक सप्ताह के विंध्य प्रवास पर सतना पहुंचीं। इस दौरान वे इस अञ्चल के शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेंगी और मॉरीशस एवं भारत में शैक्षणिक आदान-प्रदान की संभावनाएं तलाशेंगी। आज इस क्रम में उन्होंने शासकीय व्यंकट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 का भ्रमण किया और प्राचार्य एस के श्रीवास्तव से सौजन्य भेंट की। इसी क्रम में उन्होंने सतना में शिक्षा जगत के अभिनव प्रयोग प्री-नर्सरी एक्टिविटी सेंटर लिटिल रॉयल्स का भ्रमण किया और संचालिका शची जैन से उनके संस्थान के विषय में जानकारी प्राप्त की।
उनके इस अध्ययन प्रवास में पिंक पॉवर समूह की स्थानीय प्रतिनिधि सीए स्नेह भोजवानी ने उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग किया। इस दौरान उन्होंने सतना के प्रख्यात शिक्षाविद स्व. प्राचार्य ज्ञानचंद जैन एवं नगर में महिला शिक्षण में महती भूमिका निभाने वाली स्व. क्रान्ति जैन के निवास पहुँच कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए एवं उनके परिवार से सौजन्य भेंट की। कल वे नगर के प्रमुख निजी शैक्षणिक संस्थान लवडेल सीनियर सेकन्डेरी स्कूल, एकेएस विश्वविद्यालय, मातृछाया एवं चंद्राश्रय सहित अन्य संस्थानों का भ्रमण करेंगी।