Friday , May 17 2024
Breaking News

Satna: मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार, अब किसान खुद करेंगे अपनी फसल की गिरदावरी

एक अगस्त से किसान एमपी किसान एप पर दर्ज करा सकेंगे अपनी फसल की जानकारी

सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश और आत्म-निर्भर किसान के मंत्र पर राज्य सरकार ने एक और किसान हितैषी निर्णय लिया है। ‘मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार’ में अब किसान निश्चिंत होकर अपनी फसल की जानकारी एमपी किसान एप के माध्यम से दर्ज कर सकेंगे। इस जानकारी का उपयोग फसल हानि, न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना, भावांतर योजना, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि ऋण में किया जायेगा। किसान अपनी फसल की जानकारी एक अगस्त से 15 अगस्त 2022 तक दर्ज करा सकते हैं। किसान की इस जानकारी का आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एवं पटवारी से सत्यापन होगा।

एमपी किसान एप

मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार में किसान को यह सुविधा उपलब्ध करवाई गई है कि वे अपने खेत से ही स्वयं फसल की जानकारी एमपीकिसान एप पर दर्ज कर अपने आप को रजिस्टर सकते हैं। इस एप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। किसान एप पर लॉगिन कर फसल स्व-घोषणा, दावा आपत्ति आप्शन पर क्लिक कर अपने खेत को जोड़ सकते हैं। खाता जोड़ने के लिये प्लस ऑप्शन पर क्लिक कर जिला, तहसील, ग्राम, खसरा आदि का चयन कर एक या अधिक खातों को जोड़ा जा सकता है। खाता जोड़ने के बाद खाते के समस्त खसरा की जानकारी एप में उपलब्ध होगी। उपलब्ध खसरा की जानकारी में से किसी भी खसरे पर क्लिक करने पर ए आई के माध्यम से जानकारी उपलब्ध होगी। किसान के सहमत होने पर एक क्लिक से फसल की जानकारी को दर्ज किया जा सकेगा। संभावित फसल की जानकारी से असहमत होने पर खेत में बोयी गई फसल की जानकारी खेत में उपस्थित होकर लाइव फोटो के साथ दर्ज की जा सकती है।

मुख्यमंत्री की किसानों से अपील

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश के किसानों से अपील की है कि वे ‘मेरी गिरदावरी-मेरा अधिकार’ में अपनी फसल को एमपी किसान एप में अपलोड कर केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाओं का लाभ उठायें। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में किसान ई-गिरदावरी को अपनाने के लिये 15 अगस्त तक अपने आप को रजिस्टर कर सकेंगे।

आरटीई के दूसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी 2 अगस्त को

संचालक राज्य शिक्षा केंद्र धनराजू एस ने बताया कि निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम में सत्र 2022-23 के लिए दूसरे चरण में स्कूलों की चॉइस अपडेट करने के लिये 27 से 31 जुलाई 2022 तक की तिथि नियत थी। उन्होने बताया कि ऑनलाइन लॉटरी से 2 अगस्त को स्कूलों का आवंटन किया जाएगा। बच्चे आवंटित स्कूल में 3 से 6 अगस्त तक प्रवेश ले सकेंगे और संबंधित प्राइवेट स्कूल द्वारा मोबाइल ऐप से एडमिशन रिपोर्टिंग की जाएगी।

जिले में अब तक 323.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज

जिले में इस वर्ष 1 जून से 31 जुलाई 2022 तक 323.4 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख सतना से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की सतना (रघुराजनगर) तहसील में 365.5 मि.मी., सोहावल (रघुराजनगर) में 242.6 मि.मी., बरौंधा (मझगवां) में 145.7 मि.मी., बिरसिंहपुर में 503 मि.मी., रामपुर बघेलान में 251 मि.मी., नागौद में 507 मि.मी., जसो (नागौद) में 209 मि.मी., उचेहरा में 363 मि.मी., मैहर में 234.9 मि.मी., अमरपाटन में 329 मि.मी. तथा रामनगर तहसील में 406.9 मि.मी. औसत वर्षा अब तक दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत सामान्य वर्षा 1039.7 मि.मी. है। गत वर्ष इस अवधि तक जिले में 430 मि.मी. वर्षा दर्ज की जा चुकी थी।

 

About rishi pandit

Check Also

Shahdol: कलेक्ट्रेट के सामने युवक की बेरहमी से पिटाई, सब्जी विक्रेता ने बाट से किया हमला, पुलिस लेट पहुंची

शहडोल, भास्कर हिंदी न्यूज़/ कलेक्ट्रेट के सामने युवक की बेरहमी से पिटाई की गई। सब्जी …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *