Wednesday , May 8 2024
Breaking News

MP Election Results: केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बी.डी शर्मा के संसदीय क्षेत्र में हारी बीजेपी!

  • पांच नगर निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषद के परिणाम घोषित
  • कुल नगर निगम- 16, भाजपा-9, कांग्रेस- पांच,निर्दलीय- एक, आप-एक

MP Election 2022 Results: digi desk/BHN/ भोपाल/ प्रदेश में दूसरे चरण के 214 (पांच नगर निगम, 40 नगर पालिका और 169 नगर परिषद) नगरीय निकायों का परिणाम घोषित होने के साथ नगरीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई। देवास और रतलाम में भाजपा के महापौर चुने गए हैं। जबकि, मुरैना और रीवा में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। कटनी में मतदाताओं ने भाजपा और कांग्रेस की जगह निर्दलीय प्रीति सूरी को अपना महापौर चुना है। नगर पालिका और नगर परिषद में भाजपा के पार्षद अधिक विजयी रहे हैं।

अब यहां अप्रत्यक्ष प्रणाली यानी पार्षदों में से अध्यक्ष चुना जाएगा। गौरतलब है कि मुरैना नगर निगम केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का संसदीय क्षेत्र है जबकि कटनी नगर निगम भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा के खजुराहो संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आता है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 16 नगर निगम के लिए चुनाव कराए थे। पहले चरण के चुनाव में शामिल 11 नगर निगम में सात पर भाजपा, तीन पर कांग्रेस और एक सीट पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी महापौर चुने गए हैं। दूसरे चरण में भाजपा और कांग्रेस के दो-दो महापौर बने हैं।

कटनी नगर निगम के परिणाम ने सबको चौकाया है। यहां निर्दलीय प्रीति सूरी ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को पछाड़ते हुए महापौर पद पर जीत दर्ज की है। सूरी भाजपा की बागी प्रत्याशी थीं। पार्टी ने पूर्व मंत्री संजय पाठक को कटनी में निकाय चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी थी। वहीं, देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल ने सर्वाधिक 45 हजार 884 मतों से विजय प्राप्त की है। यहां कांग्रेस प्रत्याशी विनोदिनी व्यास को जितने मत प्राप्त हुए, वो जीत के अंतर से भी कम रहे।

मुरैना में कांग्रेस की शारदा सोलंकी ने भाजपा की मीना जाटव को पराजित किया है। मुरैना केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर का संसदीय क्षेत्र और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का गृह नगर है। उन्होंने, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यहां प्रचार किया था। कांग्रेस से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ प्रचार के लिए पहुंचे थे।

रीवा में कांग्रेस के अजय मिश्रा ने भाजपा के प्रबोध व्यास को हराया है। भाजपा से यहां पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने मोर्चा संभाला था। रतलाम में कांग्रेस ने मयंक जाट पर दांव लगाया था लेकिन वे भाजपा के प्रहलाद पटेल से चुनाव हार गए। नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने दावा किया है कि 80 प्रतिशत से अधिक नगरीय निकायों में भाजपा के पार्षद निर्वाचित हुए हैं।

CM के विधानसभा क्षेत्र के तीनों निकायों पर भाजपा जीती

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुधनी में तीनों नगर परिषद में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला है। यहां कांग्रेस का लगभग सफाया हो गया है। बुधनी नगर परिषद में 13 प्रत्याशी भाजपा और दो निर्दलीय जीते हैं। भैरुंदा (नसरुल्लागंज) में भाजपा के 12, दो निर्दलीय और एक कांग्रेस के पार्षद चुने गए हैं। रहटी नगर परिषद में भाजपा के 12, दो निर्दलीय और एक कांग्रेस का पार्षद चुना गया है। वही, पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के प्रभाव वाले निकाय चौरई में भी भाजपा का दबदबा रहा है। यहां नौ पार्षद भाजपा और छह कांग्रेस के जीते हैं।

नगर निगम

नगर निगम- विजयी (प्राप्त मत)-निकटतम प्रतिद्वंद्वी (प्राप्त मत)- जीत का अंतर

मुरैना- शारदा सोलंकी कांग्रेस (63,222)-मीना जाटव भाजपा (48, 591)-14,631

कटनी- प्रीति सूरी निर्दलीय (45,648)- ज्योति दीक्षित भाजपा (40,361)-5,287

रतलाम- प्रहलाद पटेल भाजपा (76,237)- मयंक जाट कांग्रेस (67,646)-8,591

देवास- गीता अग्रवाल भाजपा (89,519)- विनोदिनी व्यास कांग्रेस (43,630)-45,889

रीवा- अजय मिश्रा कांग्रेस (48,011)- प्रबोध व्यास भाजपा (37,710)-10,301

पहले चरण के नगर निगमों की स्थिति

भोपाल- मालती राय (भाजपा) 4,61,335- विभा पटेल (कांग्रेस) 3,62,488-98,847

इंदौर- पुष्यमित्र भार्गव (भाजपा)5,93852- संजय शुक्ला (कांग्रेस)4,59,860-1,33,992

ग्वालियर- शोभा सिकरवार (कांग्रेस) 2,35,154- सुमन शर्मा (भाजपा) 2,06,349-28,805

जबलपुर- जगत बहादुर सिंह अन्न्ू (कांग्रेस) 2,93,192- डा.जितेन्द्र जामदार (भाजपा)2,48,853-44,339

उज्जैन- मुकेश टटवाल (भाजपा)1,34,094-महेश परमार (कांग्रेस)1,33,358-736

सागर- संगीता तिवारी (भाजपा) 70653- निधि जैन (कांग्रेस) 57939- 12,714

सिंगरौली-रानी अग्रवाल (आप)34,585- चंद्रप्रताप विश्वकर्मा (भाजपा) 25,233-9,352

छिंदवाड़ा- विक्रम अहाके (कांग्रेस)64,363- अनंत कुमार धुर्वे (भाजपा)60,577-3,786

सतना- योगेश ताम्रकार (भाजपा) 63292- सिद्धार्थ कुशवाहा (कांग्रेस) 38376-24,916

खंडवा- अमृता यादव (भाजपा) 51925- आशा मिश्रा (कांग्रेस) 32160- 19765

बुरहानपुर- माधुरी पटेल (भाजपा) 52823- शहनाज अंंसारी (कांग्रेस) 52281-542

भाजपा बोली-अभूतपूर्व विजय, 76 में 65 नगरपालिका और 255 में 185 परिषद जीती

नगरीय निकाय चुनाव के परिणामों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने इतिहास रचा है। मैं वर्ष 1985 से पार्टी में काम कर रहा हूं। इतनी अच्छी सफलता पहले कभी नहीं मिली। उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया और चुनकर आए जनप्रतिनिधियों, भाजपा के पदाधिकारियों, विधायक-सांसद, कार्यकर्ताओं को बधाई दी। चुनाव परिणाम आने के बाद बुधवार शाम मुख्यमंत्री प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा कर रहे थे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता के कल्याण और नगरों के विकास में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम के परिणाम भाजपा के लिए संतोषजनक हैं। 16 में से भाजपा के नौ महापौर जीते हैं। एक में हमारी की कार्यकर्ता जीती हैं। जिन नगर निगमों में हमारे महापौर नहीं जीत पाए, वहां भी भाजपा के पार्षद ज्यादा हैं। कांग्रेस की जीत तो अधूरी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका की बात करें तो 76 में से 65 में भाजपा अपना अध्यक्ष बनाने जा रही है और कांग्रेस ने सिर्फ 11 में सफलता पाई है। नगर परिषद में तो भाजपा ने कांग्रेस को पूरी तरह साफ कर दिया है। 255 परिषद में चुनाव हुआ है। इसमें से 185 में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला।

इन निकायों में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा

मुख्यमंत्री ने बताया कि रायसेन, राजगढ़, सागर, जबलपुर, सिवनी, देवास, सीहोर, नरसिंहपुर, रीवा, मुरैना जिलों की नगर परिषदों और विदिशा, सीहोर, सागर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर जिलों की नगर पालिकाओं में भाजपा का प्रदर्शन शतप्रतिशत रहा है।

जनादेश कांग्रेस के पक्ष में, भाजपा को जनता ने दिखाया आईना : कमल नाथ

नगरीय निकाय और पंचायत के चुनाव परिणामों ने बता दिया है कि जनता भाजपा के पक्ष में नहीं है। प्रदेशवासियों ने जनादेश कांग्रेस के पक्ष में दिया है। पैसा, पुलिस और प्रशासन की बदौलत भाजपा ने जीत प्राप्त की है। मुझे कोई शक नहीं है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जनता के साथ बेहतर प्रदर्शन करेगी। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने दूसरे चरण के नगरीय निकाय चुनाव के परिणाम आने के बाद कही।

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जीत के जश्न के बाद उन्होंने पत्रकारवार्ता में कहा कि 1999 से देखें तो कांग्रेस के कभी इतने महापौर नहीं चुने गए। पिछले चुनाव में सभी 16 नगर निगमों में भाजपा के महापौर थे। इस बार पांच स्थानों पर कांग्रेस, एक पर आम आदमी पार्टी और एक स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। दो सीटें भाजपा ने बहुत कम अंतर से पुलिस, प्रशासन और पैसे के दम पर जीती हैं। भाजपा को जनता ने नकार दिया है।

 

About rishi pandit

Check Also

मतदान कर्मियों को ला रही बस बैतूल में लगी भीषण आग, EVM और VVPAT मशीनें भी थीं साथ

 बैतूल बैतूल में ईवीएम और मतदानकर्मियों को लेकर लौट रही बस में आग लग गई। …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *