सतना, भास्कर हिंदी न्यूज़/ सतना के यूनिवर्सल केबल फैक्ट्री की लेबर कॉलोनी में कांग्रेस प्रत्याशी द्वारा मिठाई के डिब्बे में शराब बांटे जाने का मामला सामने आया है। बंटवाने पर निर्वाचन अधिकारी की जांच के बाद FIR दर्ज कराई गई है। नगर निगम सतना के वार्ड क्रमांक 11 घूरडांग के कांग्रेस प्रत्याशी कृष्ण कुमार सिंह द्वारा मतदाताओं को मिठाई के डिब्बे में शराब बांटे जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल होने के बाद इसकी शिकायत कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी से की गई। हालाँकि इस मामले में कुछ लोगों का कहना है कि डिब्बे में शराब नहीं मिठाई थी। इस संबंध में प्रशासनिक कर्मचारियों ने स्पष्ट तौर पर कुछ भी कहने से इंकार किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मिली शिकायत पर जांच करने के निर्देश एसडीएम नीरज खरे को दिए। जिसके बाद एसडीएम नीरज खरे ने वायरल वीडियो की जांच में पाया कि मतदाता को प्रभावित करने ऐसा किया जा रहा है। इस पर स्थानीय पटवारी को भेज कर कोलगवां थाने में पार्षद प्रत्याशी प्रत्याशी के.के सिंह सहित साथी अंकित गुप्ता, उमेश सिंह पर कोलगवां थाने में प्रकरण दर्ज करवाया गया है। कोलगवां पुलिस ने इन पर 171ख, 171ड, 188, 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आगे की कार्रवाई चुनाव आयोग द्वारा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति मिठाई के डिब्बे लेकर घर-घर जाकर प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील करता देखा जा रहा है।
6 जुलाई को है मतदान
Bhaskar Hindi News